Friday , March 14 2025

योग करेंगे तो हैप्‍पी हार्मोन बनेगा, जिससे आप प्रसन्‍न रहेंगे

-आधे से पौन घंटा रोजाना योग करने की सलाह दी आनन्‍द सिंह ने

आनन्द सिंह

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। योग को हमें जीवन का अहम् हिस्सा बनाना चाहिये, यदि हम रोज 30 से 45 मिनट योग करते हैं तो जहां शरीर के अंगों की सक्रियता बनी रहती है वहीं शरीर में हैप्‍पी हार्मोन बनता है जिससे हमारा मन प्रसन्‍न रहता है, और इम्‍युनिटी बढ़ती है।

विश्‍व योग दिवस की पूर्व संध्‍या पर यह जानकारी लोकबन्धु राजनारायण हॉस्पिटल के वैलनेस कंसल्टेंट एवं चीफ फार्मासिस्ट आनन्द सिंह ने देते हुए बताया कि रोज आधा से पौन घंटा हमें योग अवश्य करना चाहिए।

आनन्‍द सिंह ने बताया कि हमें भारतीय भोजन पर जोर देना चाहिए तथा फास्ट फूड, जंक फूड, मसालेदार भोजन नहीं करना चाहिये, क्योंकि फास्टफूड डायबिटीज, मोटापा, दिल से संबंधित बीमारियां, कैंसर आदि का खतरा बढ़ा देते हैं। उन्‍होंने बताया कि मौसमी फल तथा सब्जियां 3 से 5 तरह की अलग-अलग रंगों की सेवन करनी चाहिए क्योंकि अलग-अलग रंगों में अलग-अलग फाइटोन्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं जो हमारी इम्युनिटी बढ़ाते हैं सुबह जल्दी उठें तथा रात में डिनर जल्दी करें।

उन्होंने बताया कि सुबह दो गिलास गुनगुना पानी का सेवन अवश्य करें,  दिन में लगभग ढाई से 3 लीटर पानी अवश्य पीयें, गंभीर रोगी अपने चिकित्सक से परामर्श ले सकते हैं। इसके अलावा कोरोना संक्रमण से खुद और समाज को बचाने के लिए चेहरे पर कपड़े का बना हुआ मास्क लगाएं, इसे रोज साबुन से धो कर सुखा लें। धोने के बाद मास्क का पुन:प्रयोग कर सकते हैं। एन-95 या अन्य इम्पोर्टेड मास्क, लगातार लगाने से ऑक्सीजन शरीर को सही मात्रा में नहीं मिल पाती है। उन्‍होंने बताया कि गर्म पेय पदार्थ जैसे चाय, काफी, देसी काढ़ा आदि का सेवन दिन में दो से तीन बार अवश्य करें,  बुखार-जुकाम, खांसी, गले में खराश होने पर तत्काल अपने नजदीकी चिकित्सक से संपर्क करें।