Tuesday , February 17 2026

योगी आदित्‍यनाथ को लखनऊ की इस पारम्‍परिक सीट से चुनाव लड़ने का न्‍यौता

-सिर्फ नामांकन कर दें, जीत का तोहफा भाजपा कार्यकर्ता दे देंगे : दिलीप श्रीवास्‍तव

-भाजपा पार्षद का योगी से अनुरोध, लखनऊ पूर्व से लड़ें विधानसभा चुनाव

योगी आदित्यनाथ

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आसन्‍न विधानसभा चुनाव लखनऊ पूर्व विधानसभा क्षेत्र से लड़ने की अपील भारतीय जनता पार्टी के पार्षद दिलीप श्रीवास्तव ने की है। योगी आदित्यनाथ को संबोधित पत्र में दिलीप श्रीवास्तव में कहा है कि योगी आदित्यनाथ सर्वमान्य नेता है उनके लखनऊ पूर्व विधानसभा से चुनाव लड़ने से पूरे उत्तर प्रदेश में बड़ा संदेश जाएगा।

दिलीप श्रीवास्तव

दिलीप श्रीवास्तव ने मुख्‍यमंत्री से अनुरोध करते हुए कहा है कि आप सिर्फ नामांकन करके चले जाइए, ऐतिहासिक विजय का तोहफा भाजपा कार्यकर्ता आपको दे देंगे। दिलीप श्रीवास्तव ने पत्र में लिखा है कि लखनऊ पूर्व विधानसभा में पूरा उत्तर प्रदेश बसता है। इंदिरा नगर, गोमती नगर, विकास नगर, महानगर, निशातगंज, सर्वोदय नगर, शक्ति नगर, कुर्मांचल नगर आदि में पूर्वांचल, पहाड़ व अन्य जिलों के लोग भी बड़ी संख्या में रहते हैं।

उन्‍होंने कहा है कि यहां पर भाजपा के परंपरागत वोट बैंक कायस्थों की संख्या निर्णायक भूमिका में है, यहां पर ब्राह्मण, ठाकुर मतदाताओं की संख्या भी सर्वाधिक है। यहां पर भाजपा के 12 पार्षद हैं तथा अधिवक्ता भी काफी संख्या में रहते हैं। यह भाजपा की परंपरागत सीट है। दिलीप ने कहा है कि मुख्यमंत्री के यहां से चुनाव लड़ने से विपक्षी दलों सपा बसपा कांग्रेस के चुनावी समीकरण बिगड़ेंगे।