Wednesday , April 17 2024

पूजा करते समय दीये से साड़ी में लगी आग, जेब में फूटा पटाखा

-दीपावली पर दीयों और पटाखों से घायल पहुंचे केजीएमयू के प्‍लास्टिक सर्जरी विभाग  

सेहत टाइम्‍स

लखनऊ। दीपावली के पर्व पर बच्‍चों से लेकर बड़ों तक कई लोगों के दीयों और पटाखों से घायल होने का समाचार है। कोई दीये से कपड़ों में आग पकड़ने से तो कोई जेब में पटाखा फूटने से तो कोई हाथ में पटाखा फूटने से घायल हुआ है। इनमें 90 प्रतिशत जली एक 35 वर्षीय महिला सहित कुछ मरीजों की स्थिति  गंभीर है।

किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) के प्लास्टिक सर्जरी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ विजय कुमार ने बताया कि‍ दीपावली की रात 8 मरीज दीयों और पटाखों से जलने के कारण घायल होकर पहुंचे। उन्होंने बताया एक 35  वर्षीय महिला पूजा करते समय दीये से साड़ी में आग लगने के कारण गंभीर रूप से जल गई, उनका शरीर लगभग 90% तक जल गया है एवं उनकी स्थिति अत्‍यन्‍त गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया इसके अलावा एक और 4  साल की बच्ची के पायजामे में दीये से आग लगने से उसका पैर जल गया। इसके अतिरिक्त कुछ मरीज पटाखे जलाते समय जले इनमें ज्यादातर मरीजों के हाथ में पटाखा फूटने से वे गंभीर घायल हुए हैं। डॉ विजय कुमार ने बताया कि एक 5 वर्षीय बच्ची के दोनों हाथ में गंभीर चोट आई तथा एक अन्य 3 वर्षीय बच्ची के भी हाथ में पटाखा फूटने से बायां हाथ तथा मुंह के आसपास का हिस्सा गंभीर रूप से जल गया। उन्होंने बताया बच्ची को तुरंत ही प्लास्टिक सर्जरी विभाग में भर्ती किया गया तथा उसका उपचार शुरू किया गया।

डॉ विजय कुमार ने बताया कि इसी प्रकार एक 19 वर्षीय मरीज के पैंट की जेब में पटाखा फूटने के कारण उसे गंभीर रूप से चोट आई है और उसकी बायीं जांघ गंभीर रूप से घायल हुई है। उन्होंने बताया कि दीपावली में घायल होकर आए हुए सभी मरीजों को तुरंत भर्ती कर उनका उपचार शुरू किया गया तथा जो माइनर इंजरी के मरीज थे उन्हें फर्स्ट एड देकर घर भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit is exhausted. Please reload the CAPTCHA.