Thursday , May 14 2026

विनायक ग्रामोद्योग संस्‍थान ने लॉन्‍च किया स्‍वास्‍थ्‍य जांच डिस्‍काउंट कार्ड

-मोदी के जन्‍मदिन पर आयोजित कार्यक्रम में अनेक सुविधाओं वाले कार्ड की महापौर संयुक्‍ता भाटिया ने की लॉन्चिंग

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के जन्‍म दिन के मौके पर विनायक  ग्रामोद्योग संस्थान ने लखनऊवासियों के लिए स्‍वास्‍थ्‍य जांच डिस्‍काउंट कार्ड लॉन्‍च किया, 1000 रुपये मूल्‍य के इस कार्ड से एक साल तक परिवार के सभी सदस्‍यों के लिए छूट के साथ स्‍वास्‍थ्‍य सुविधाएं संस्‍था दिलवाना सुनिश्चित करेगी इसके अतिरिक्‍त मरीज के साथ अनहोनी की स्थिति में दाह संस्‍कार व अन्‍य जरूरतों को भी संस्‍था पूरा करेगी। इस कार्ड की लॉन्चिंग यहां निरालानगर में आयोजित एक समारोह में मुख्‍य अतिथि लखनऊ की महापौर संयुक्‍ता भाटिया ने केजीएमयू के रेस्‍पाइरेट्री मेडिसिन विभाग के विभागाध्‍यक्ष डॉ सूर्यकांत व अन्‍य लोगों के साथ किया।

संयुक्‍ता भाटिया ने इसे प्रधानमंत्री के जन्‍मदिवस पर जारी किये जाने पर हर्ष जताते हुए कहा कि‍ संस्‍था की यह अच्‍छी पहल है, उन्‍होंने नगर निगम और अपने व्‍यक्तिगत रूप में किसी भी तरह की सहायता के लिए हमेशा तैयार रहने का भरोसा दिलाया। डॉ सूर्यकांत ने कहा कि विनायक ग्रामोद्योग संस्‍थान के साथ हम लोग कई सालों से शिविर कर रहे हैं, संस्‍था ने शहर के अनेक स्‍थानों पर शिविर लगाये हैं, अब संस्‍था द्वारा डिस्‍काउंट कार्ड जारी करना मरीजों की सेवा की दिशा में एक और कदम है। उन्‍होंने संस्‍था को नेक काम के लिए शुभकामनाएं दीं।

संस्‍था के अध्‍यक्ष शैलेन्‍द्र श्रीवास्‍तव ने बताया कि लखनऊ में विगत  12 वर्षों से निरंतर निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन करने वाली हमारी विनायक ग्रामोद्योग संस्‍थान सबसे बड़ी संस्था बन चुकी है। जहां एक तरफ संस्था ने लखनऊ में लाखों जनमानस की निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से सेवा की है वहीं दिन प्रति दिन सैकड़ों डॉक्टर संस्था के कार्य से प्रभावित होकर अपनी चिकित्सकीय सेवाएं देते हैं। उन्‍होंने बताया कि आम जनमानस से जुड़ाव होने के कारण संस्था ने निर्णय लिया है कि अब सिर्फ निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से ही नहीं बल्कि लखनऊ वासियो को जब भी चिकित्सकीय सेवाओं की जरूरत पड़ेगी तो संस्था हमेशा उनके साथ है।

इस अवसर पर डॉ उमंग खन्ना, आर्य प्रतिनिधि सभा के प्रधान देवेंद्र वर्मा, उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार महेंद्र भीष्म, फैमिली प्लानिंग एसोसिएशन के शाखा प्रबंधक कमाल रिजवी, भारतीय जनता पार्टी की महानगर मंत्री अनिता सिंह, लखनऊ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जी.एन. शुक्ला, श्री गोपेश्वर गऊ शाला मलिहाबाद के अभिषेक गुप्ता, गौ संवर्धन प्रमुख अवध क्षेत्र उमाकांत उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रसारण फेसबुक लाइव पर भी किया गया। कार्यक्रम में लखनऊ  के पत्रकार, अधिवक्ता समाज से दर्जनों अधिवक्ता व समाजसेवी उपस्थित हुए। 

उन्‍होंने बताया कि सहयोगी संस्था जे.सी.फाउंडेशन के चैयरमैन अभिषेक अग्रवाल के साथ ही प्रभात फाउंडेशन व अनन्या फाउंडेशन ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग किया। इसके अतिरिक्‍त शिखा सिंह, उपाध्यक्ष विनायक ग्रामोद्योग संस्थान ने कार्यक्रम को सफल बनाने में विशेष सहयोग व योगदान दिया।