-इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ सर्जन्स के 86वें वार्षिक सर्जिकल अपडेट में छात्रवृत्ति प्रतियोगिता में हासिल की उपलब्धि

सेहत टाइम्स
लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के सर्जिकल गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के सीनियर रेजिडेंट डॉ. आदिवीथ देब और डॉ. आकाश अग्रवाल की हालिया उपलब्धियों ने विभाग और विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है। दोनों डॉक्टरों ने चार्ल्सटन, साउथ कैरोलिना, संयुक्त राज्य अमेरिका में आयोजित इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ सर्जन्स के 86वें वार्षिक सर्जिकल अपडेट की अंतर्राष्ट्रीय अनुसंधान छात्रवृत्ति प्रतियोगिता में क्रमश: प्रथम और द्वितीय पुरस्कार हासिल किया है।


केजीएमयू के मीडिया सेल से मिली जानकारी में कहा गया है कि यहां के गैस्ट्रो सर्जरी विभाग की ओर से 10-12 अप्रैल, 2025 के बीच चार्ल्सटन, साउथ कैरोलिना, संयुक्त राज्य अमेरिका में आयोजित इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ सर्जन्स के 86वें वार्षिक सर्जिकल अपडेट की अंतर्राष्ट्रीय अनुसंधान छात्रवृत्ति प्रतियोगिता में भाग लिया था। डॉ. आदिवीथ देब ने “पित्ताशय की थैली के कैंसर में एपोप्टोसिस प्रोटीन के अवरोधकों के रोगसूचक महत्व” पर एक अध्ययन प्रस्तुत किया, जिसके लिए उन्हें प्रथम पुरस्कार मिला, जबकि डॉ. आकाश अग्रवाल ने “पित्ताशय की थैली के कैंसर में कोलेसिस्टोकाइनिन 1 और कोलेसिस्टोकाइनिन 2 रिसेप्टर्स के हेटेरोडाइमराइजेशन: कार्सिनोजेनेसिस के लिए एक नया तंत्र” पर अपने अध्ययन के लिए दूसरा पुरस्कार प्राप्त किया। इस प्रतिष्ठित सम्मेलन में 100 से अधिक देशों के लोगों ने भाग लिया और सर्जरी के क्षेत्र में अपने शोध प्रस्तुत किए। प्रथम और द्वितीय पुरस्कार मिलना इन छात्रों के साथ-साथ विभाग के लिए भी बड़ी उपलब्धि है। यह अध्ययन डॉ. अभिजीत चंद्रा की देखरेख में डॉ. जया निगम और डॉ. उत्कर्ष श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया।
