Sunday , August 16 2026

जो लोग समय की परवाह नहीं करते हैं, समय उनकी परवाह नहीं करता

-गोल्डेन फ्यूचर ट्रस्ट स्कूल ने धूमधाम से मनाया 80वां स्वतंत्रता दिवस

 

सेहत टाइम्स

लखनऊ। मड़ियांव क्षेत्र के नौबस्ता खुर्द गायत्री नगर स्थित सम्राट विक्रमादित्य भवन में आर्थिक रूप से कमजोर और वंचित परिवारों के बच्चों को साक्षर करने के उद्देश्य से संचालित गोल्डेन फ्यूचर ट्रस्ट स्कूल में स्वतंत्रता दिवस पूरे जोश के साथ मनाया गया। इस मौके पर झंडारोहण के साथ ही बच्चों ने नृत्य, गायन जैसे अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये। खास बात यह थी ​कि बच्चों ने हिन्दी के साथ ही संस्कृत और अंग्रेजी में भी अपनी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम की समाप्ति पर बच्चों को फल, मिष्ठान्न व उपहार वितरित किये गये।

ज्ञात हो वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक द्वारा स्थापित होम्योपैथिक रिसर्च फाउंडेशन के इस बहुउद्देशीय भवन में सामाजिक सहायता के उद्देश्य से पद्मश्री डॉ एससी राय मेमोरियल धर्मार्थ होम्योपैथिक चिकित्सालय, गोल्डन फ्यूचर ट्रस्ट स्कूल, रोटरी सीमा प्रेरणा सिलाई स्कूल, सरस्वती डेंटल कॉलेज ग्रामीण सेटेलाइट सेंटर और सम्राट विक्रमादित्य कम्प्यूटर प्रशिक्षण केन्द्र का संचालन हो रहा है।

स्वतंत्रता दिवस पर आयोजित कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एसपी मित्तल ने स्कूल के हॉल में अपने स्वर्गीय पिता की फोटो लगायी। ज्ञात हो इस हॉल के निर्माण में एसपी मित्तल ने भी सहयोग दिया है। उन्होंने बच्चों को सम्बोधित करते हुए कहा कि मेरे पिताजी ने मुझे जो मुझे सीख दी थी वही मैं आपसे भी कहना चाहता हूं कि मनोरंजन भी करो लेकिन पढ़ाई जरूर करो। अपने माता-पिता से झूठ न बोलो, उनसे सबकुछ सच-सच बताओ। समय की कद्र करो क्योंकि जो लोग समय की परवाह नहीं करते हैं, समय उनकी परवाह नहीं करता है।

स्कूल अपना उद्देश्य पूरा कर रहा, यह गौरव की बात : डॉ गिरीश गुप्ता

होम्योपैथिक रिसर्च फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ गिरीश गुप्ता ने अपने सम्बोधन में बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के इतिहास के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि यह हम लोगों के लिए गौरव की बात है कि आप सबके सहयोग और ईश्वर की कृपा से स्कूल बहुत अच्छा चल रहा है। बच्चे यहां आ रहे हैं, और बहुत कुछ सीख रहे हैं, उन्होंने कहा कि यह सब देखकर यह संतुष्टि मिलती है कि जिस उद्देश्य से स्कूल का संचालन शुरू किया गया था, वह पूरा हो रहा है। डॉ गुप्ता ने बच्चों से कहा कि सफाई का ध्यान रखिये, अपने माता-पिता, टीचर्स का सम्मान कीजिये। उन्होंने लगातार स्कूल में हो रही प्रगति के लिए वर्तमान में स्कूल का संचालन करने वाले गोल्डेन फ्यूचर ट्रस्ट के शोभित अग्रवाल की प्रशंसा करते हुए बधाई देने के साथ ही शुभकामनाएं दीं।

नववर्ष चेतना समिति की संर​क्षक रेखा त्रिपाठी और होम्योपैथिक रिसर्च फाउंडेशन की कोषाध्यक्ष सीमा गुप्ता ने मां सरस्वती की मूर्ति पर माल्यार्पण किया। उन्होंने भी बच्चों को शिक्षा और अनुशासन का पालन करने की सीख दी। हुए सम्बन्धी जानकारी दी।

 

छह बच्चों को मिला सरकारी स्कूल में दा​खिला : शोभित अग्रवाल

स्कूल के संचालक शोभित अग्रवाल ने अपने सम्बोधन में कहा कि स्कूल में टीचर्स जो शिक्षा दे रहे हैं उससे एक्टिविटीज और एकेडमिक दोनों डेवलपमेंट हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस स्कूल में 93 बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे थे, जिनमें छह बच्चों को सरकारी स्कूल में दाखिला हो गया है। उन्होंंने कहा कि यह आप सभी के सहयोग और ईश्वर की कृपा से हो पाया है। उन्होंने विस्तार से बताया कि स्कूल की शैक्षिक गति​विधियों को ​किस प्रकार संचालित किया जाता है।

इस कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के मदन अग्रवाल, भारत विकास परिषद परमहंस शाखा के प्रशांत जैन, नव वर्ष चेतना समिति के सचिव डॉ सुनील अग्रवाल, होम्योपैथिक रिसर्च फाउंडेशन के उपाध्यक्ष एडवोकेट सुमित तिवारी, एसके त्रिपाठी, आयुष मित्तल, प्रियंका सिंह चौहान, सचिव केेसी जैन, प्रदीप तिवारी, सुरेन्द्र मिश्रा के साथ ही टीचर्स व बड़ी संख्या में बच्चे एवं उनके अभिभावक उपस्थित रहे।