Monday , July 20 2026

सिविल हॉस्पिटल में कंधे से निकाला साढ़े तीन किलो का लाइपोमैटस ट्यूूमर

-59 वर्षीय पुरुष को तीन वर्ष पूर्व शुरू हुई थी कंधे में सूजन, बढ़ते-बढ़ते ले लिया बड़े ट्यूमर का आकार

-सर्जरी करने वाले डॉ आनन्द मिश्र ने कहा कि समय पर विशेषज्ञ चिकित्सक से परामर्श लेना आवश्यक

सेहत टाइम्स

लखनऊ। यहां स्थित डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल के शल्य चिकित्सकों ने 59 वर्षीय व्यक्ति के कंधे से लगभग साढ़े तीन किलो का एक विशाल लाइपोमैटस ट्यूमर (Lipomatous tumor) निकालने में सफलता मिली है। यह सर्जरी शल्य विभागाध्यक्ष डा. आनंद मिश्र एवं उनकी टीम द्वारा की गयी।

मिली जानकारी के अनुसार मडि़यांव लखनऊ निवासी अशोक कुमार को करीब तीन वर्ष पूर्व दायें कंधे में छोटी सी सूजन हुई थी, जो समय के साथ बढ़कर लगभग 26 × 12 × 21 सेमी के आकार की हो गई। सूजन के अत्यधिक बढ़ जाने के कारण उन्हें दर्द एवं दैनिक कार्यों में असुविधा होने लगी। इसके बाद मरीज ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) चिकित्सालय, लखनऊ के शल्य विभाग में परामर्श लिया। बीती 15 जुलाई 2026 को विभागाध्यक्ष डा. आनंद मिश्र, जूनियर रेजिडेंट (JR-I) डॉ. विनोद कुमार वर्मा और व टीम द्वारा उनका परीक्षण किया गया।

लाइपोमा बन गया लाइपोमैटस ट्यूमर

डॉ आनंद ने बताया कि आवश्यक चिकित्सकीय जाँचों में लाइपोमैटस ट्यूमर होने का पता चला। उन्होंने बताया कि दरअसल शुरुआत में मरीज को लाइपोमा हुआ था जो कि बाद में वृहद रूप लेकर विशाल लाइपोमैटस ट्यूमर बन चुका था। इसके उपरांत मरीज को भर्ती किया गया तथा सभी आवश्यक प्री-ऑपरेटिव जाँचें करायी गयीं। 17 जुलाई 2026 को डा. आनंद मिश्र के नेतृत्व में जूनियर रेजिडेंट (JR-I) डॉ. विनोद कुमार वर्मा, ओटी असिस्टेंट सुदेश कुमार के साथ शल्य चिकित्सा टीम द्वारा मरीज का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया गया। शल्यक्रिया में दाएँ कंधे से विशाल लाइपोमैटस ट्यूमर (Lipomatous tumor) को सुरक्षित रूप से पूर्णतः निकाल दिया गया।

ऑपरेशन के पश्चात मरीज को निरंतर चिकित्सकीय निगरानी एवं आवश्यक उपचार प्रदान किया गया। उनकी स्थिति में निरंतर सुधार होता गया तथा घाव भी संतोषजनक रूप से भरता रहा। वर्तमान में मरीज पूर्णतः स्वस्थ हैं एवं चिकित्सकों के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं, तथा उन्हें सोमवार 20 जुलाई को अस्पताल से छुट्टी देने की तैयारी है।

शल्य विभागाध्यक्ष डा. आनंद मिश्र ने बताया कि अगर मरीज और टालमटोल करता तो ट्यूमर के कैंसरयुक्त होने का खतरा हो सकता था। उन्होंने कहा कि समय पर चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार से इस प्रकार की बीमारी का सफलतापूर्वक उपचार संभव है। उन्होंने आमजन से अपील की कि शरीर के किसी भी भाग में असामान्य सूजन या गांठ दिखाई देने पर उसे अनदेखा न करें तथा शीघ्र किसी योग्य शल्य चिकित्सक से परामर्श अवश्य लें।