Friday , April 19 2024

कनिका कपूर की छठी रिपोर्ट निगेटिव,  अस्‍पताल से मिली छुट्टी

-उत्‍तर प्रदेश में 16 मरीज और कोरोना पॉजिटिव,  कुल संख्‍या पहुंची 294

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। संजय गांधी पीजीआई में भर्ती बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर की छठी रिपोर्ट भी नि‍गेटिव आयी है, और उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। लगातार दो पांचवी और छठी रिपोर्ट नि‍गेटिव आने के बाद लगभग तीन हफ्ते बाद कनिका को अस्‍पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। इसके अतिरिक्‍त किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय से आज 6 अप्रैल को जारी बुलेटिन में बताया गया है कि 16 और मरीजों में कोरोना संक्रमित होने की की रिपोर्ट आई है।

कनिका कपूर की रिपोर्ट की जानकारी संजय गांधी पीजीआई द्वारा दी गयी है। कनिका यहीं भर्ती थी। इसके अलावा आज केजीएमयू से जारी बुलेटिन में जिन 16 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आयी है उनमें 5 मरीज (45, 49, 45, 60, 62 वर्षीय) लखनऊ के बलरामपुर अस्पताल में भर्ती हैं। जबकि 8 मरीज (77,  68, 43, 54, 33, 33, 42 व 70 वर्षीय) खैराबाद सीतापुर में भर्ती है। इसके अतिरिक्‍त 35 व 40 वर्षीय दो व्यक्ति आगरा स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं तथा एक अन्य 33 वर्षीय पुरुष कहां भर्ती है, इसकी सूचना बुलेटिन में नहीं दी गई है।

इस प्रकार 5 अप्रैल की शाम को उत्‍तर प्रदेश के स्‍वास्‍थ्‍य विभाग द्वारा जारी बुलेटिन में दी गयी सूचना को सम्मिलित करते हुए इस समय उत्‍तर प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव की संख्‍या 294 पहुंच गयी है, जबकि कनिका कपूर को मिला लिया जाये तो अब तक ठीक हो चुके मरीजों, जिन्‍हें अस्‍पताल से छुट्टी दे दी गयी है, की संख्‍या 22 हो गयी है।