Thursday , March 28 2024

जीवन दर्शन है ऋषि का वांग्‍मय साहित्‍य : अशोक पाण्‍डेय

-विचार क्रान्ति ज्ञान यज्ञ अभियान के अंतर्गत 334वां साहित्‍य सेट विश्‍ववार्ता में स्‍थापित

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। गायत्री ज्ञान मंदिर इंदिरा नगर, लखनऊ के विचार क्रान्ति ज्ञान यज्ञ अभियान के अन्तर्गत विश्ववार्ता के विश्व धर्म चैनल के केन्द्रीय पुस्तकालय में गायत्री परिवार के संस्थापक युगऋषि पं0 श्रीराम शर्मा आचार्य द्वारा रचित सम्पूर्ण 79 खण्डों का वांग्‍मय साहित्य स्थापित किया गया। साहित्‍य स्‍थापना अभियान के तहत यह 334वां सेट स्‍थापित किया गया है।

यह वांग्‍मय साहित्य गायत्री परिवार रचनात्मक ट्रस्ट, गायत्री ज्ञान मंदिर इन्दिरा नगर के सक्रिय कार्यकर्ता देवेन्द्र सिंह व उनकी धर्मपत्नी शशि गंगवार ने अपनी माता (देवेन्‍द्र सिंह की सास) शांति देवी की स्मृति में संस्थान के पुस्तकालय एवं सभी पत्रकारों को एक-एक अखण्ड ज्योति पत्रिका भेंट की।

इस अवसर पर वांग्‍मय स्थापना अभियान के मुख्य संयोजक उमानंद शर्मा ने वांग्‍मय साहित्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सद्ज्ञान व्यक्ति को नर से नारायण बना सकता है। ज्ञान यज्ञ अभियान में सभी जीवित जागृत आत्माओं को इसमें भागीदारी करनी चाहिये, जिससे समाज में सद्ज्ञान का प्रकाश फैल सके।

श्री शर्मा ने बताया यह ऋषि साहित्य राजभवन, विधानसभा, सचिवालय प्रशासन, आई.आई.एम., पी.जी.आई., के.जी.एम.यू. और लखनऊ विश्व विद्यालय, दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान, अमर उजाला, एन.बी.टी., हिन्दुस्तान टाइम्स, मुस्लिम विश्वविद्यालय, नदवा, गुरुद्वारा, कैथलिक चर्च, प्रबन्ध तकनीकी संस्थानों के पुस्तकालयों सहित अबतक 333 स्‍थानों पर स्‍थापित किया जा चुका है, आज 334वाँ है। हमारा संकल्प इस साहित्‍य को 501 स्थानों पर स्‍थापित कराने का है।

विश्ववार्ता दैनिक समाचार पत्र, विश्ववार्ता पोर्टल, विश्ववार्ता मासिक पत्रिका, विश्ववार्ता न्यूज चैनल, विश्ववार्ता का विश्व धर्म चैनल के प्रधान संपादक अशोक पाण्डेय ने अपने सम्बोधन में कहा कि ऋषि साहित्य, एक जीवन दर्शन है हमारे सम्मानित विश्ववार्ता ग्रुप के पत्रकार बन्धु इस ऋषि साहित्य का स्वाध्याय करें अपने इस जीवन को, अपने परिवार को उज्‍ज्‍वल भविष्य की ओर अग्रसारित करें। श्री पाण्डेय ने कहा कि हमारा दैनिक समाचार पत्र, पाक्षिक पत्रिका, हमारे चैनल एवं पोर्टल के माध्यम से ऋषि के विचार समाज में पहुँचाने का प्रयास करेंगे।

इस अवसर पर विश्ववार्ता ग्रुप के प्रबन्ध निदेशक आशीष बाजपेयी, आनन्द अग्निहोत्री, मुकुल मिश्रा, नेहा, जगदीश जोशी सहित सभी पत्रकार बन्धु एवं गायत्री ज्ञान मंदिर के ट्रस्टी डॉ. नरेन्द्र देव, उदयभान सिंह भदौरिया, शशि गंगवार, देवेन्द्र सिंह मौजूद थे।