-होम्योपैथिक दवाओं से किये जा रहे सफल शोधों के लिए की डॉ गिरीश गुप्ता की सराहना

सेहत टाइम्स
लखनऊ। गायक, संगीतकार, चित्रकार, हास्य कलाकार, व्यंग्यकार, प्रेरक वक्ता तथा आध्यात्म व राष्ट्रवाद के प्रति पूर्ण समर्पित बहुआयामी व्यक्तित्व वाले बाबा सत्यनारायण मौर्य ने रविवार 22 मार्च को यहां अलीगंज स्थित गौरांग क्लीनिक एंड सेंटर फॉर होम्योपैथिक रिसर्च (जीसीसीएचआर) का विजिट किया। अपने कार्यक्रमों में योग, प्राकृतिक वस्तुओं के सेवन आदि से लोगों को स्वस्थ रहने का भी संदेश देने वाले बाबा सत्यनारायण ने यहां पहुंचकर केंद्र की पूरी कार्यप्रणाली, शोध के लिए आवश्यक रिकॉर्ड के रखरखाव को देखा।
अयोध्या में रामलला के दर्शन करके लौटे बाबा सत्यनारायण मौर्य इंदौर के लिए रवाना होने से पूर्व जीसीसीएचआर पहुंचे थे। उन्होंने मरीजों की सेवा में रत चिकित्सकों तथा अन्य स्टाफ से भी मुलाकात की। उन्होंने डॉ गिरीश गुप्ता द्वारा विभिन्न रोगों पर किये गये शोधों के लिए सराहना करते हुए कहा कि होम्योपैथिक का इस प्रकार का केंद्र मैंने पहली बार देखा। ज्ञात हो पोस्टग्रेजुएट गोल्ड मेडलिस्ट (बाबा) सत्यनारायण मौर्य अमेरिका, वेस्टइंडीज, तिब्बत, चीन, मॉरीशस, नेपाल, भूटान आदि देशों में कई-कई बार दौरा कर चुके हैं।
जीसीसीएचआर के संस्थापक मुख्य परामर्शदाता डॉ गिरीश गुप्ता ने बाबाजी को बताया कि सेंटर पर किस प्रकार मरीज की पूरी हिस्ट्री लेकर उसके लिए दवा का चुनाव किया जाता है। इसके साथ ही डॉ गिरीश ने क्लीनिक पर अनवरत चलने वाले शोधों का जिक्र करते हुए दिखाया कि किस प्रकार साक्ष्य के साथ प्रत्येक मरीज का डेटा रखा जाता है, इस डेटा को हार्ड कॉपी के साथ ही डिजीटली भी रखा जा रहा है।
इस मौके पर डॉ गिरीश गुप्ता ने चर्म रोगों पर किये गये अपने शोधों के बारे में लिखी पुस्तक Evidence-based Research of Homoeopathy in Dermatology भेंट की। बहुआयामी व्यक्तित्व वाले बाबा सत्यनारायण ने भी डॉ गिरीश गुप्ता को अपनी लिखी भारत की संस्कृति, परम्पराओं की वैज्ञानिकता को बताने वाली पुस्तक ‘इसलिए मेरा भारत महान’ भेंट की।
बाबा सत्यनारायण के विजिट के दौरान नव वर्ष चेतना समिति के सदस्य अमरजीत मिश्रा और अरुण मिश्रा भी उपस्थित रहे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times