-एम्बुलेंस सेवाओं के कर्मचारियों को सराहनीय कार्यों के लिए किया गया सम्मानित

सेहत टाइम्स
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवा प्रदाता संस्था ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज की ओर से शुक्रवार को आशियाना, लखनऊ में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्था के डायरेक्टर के. कृष्णम राजू, सीनियर वाइस प्रेसीडेंट टीवीएसके रेड्डी, स्टेट हेड संदीप दुबे व अन्य अधिकारियों ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में कार्यरत ईएमटी, पायलट, कॉल सेंटर कर्मचारी ई.आर.ओ., सहित 90 से अधिक कर्मचारियों को उनके द्वारा दी जा रही उत्कृष्ट सेवाओं के लिए स्मृति चिन्ह, सर्टिफिकेट व चेक देकर सम्मानित किया।
इस मौके पर के. कृष्णम राजू ने 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाओं में कार्यरत सभी ईएमटी पायलट व अन्य पुरस्कार पाने वाले कर्मचारियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
इस मौके पर ईएमआरआई ग्रीन हेल्थ सर्विसेज के सीनियर वाइस प्रेसीडेंट टीवीएसके रेड्डी ने कहा कि 108 एवं 102 एम्बुलेंस सेवाओं का रिस्पॉन्स टाइम उत्तर प्रदेश में सबसे कम है। इसके लिए एम्बुलेंस कर्मचारी एवं कॉल सेंटर कर्मचारी बधाई के पात्र हैं। एम्बुलेंस कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण के साथ दी जा रही सेवाओं का नतीजा है कि हम उत्तर प्रदेश में न्यूनतम रिस्पांस टाइम में लोगों को सेवाएं दे पा रहे हैं।


उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य उत्तर प्रदेश की आम जनता को बेहतर एम्बुलेंस सेवाएं प्रदान करते हुए ज्यादा से ज्यादा लोगों की जान बचाना है। उन्होंने कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि आपके ऊपर लोगों की जान बचाने की अहम जिम्मेदारी है, उसे समर्पण के साथ निभाएं।
स्टेट हेड संदीप दुबे ने कहा कि एम्बुलेंस कर्मियों की संवेदनशीलता और समर्पणभाव के साथ दी जा रही सेवा से किसी की जान बचा सकती है, इसलिए प्रोटोकॉल का पालन करते हुए हमेशा बेहतर सेवाएं देने के लिए तैयार रहें।
उन्होंने कहा कि 102 और 108 सेवाओं के माध्यम से राज्य में मातृ शिशु मृत्यु दर कम करने और रोड एक्सीडेंट के मामलों में होने वाली मौतों को कम करने में हम अहम भूमिका निभा रहे हैं, इसलिए हमेशा लोगों को बेहतर सेवाएं देने के लिए तैयार रहें। हमें लोगों को क्वालिटी सर्विस उपलब्ध कराते हुए अधिक से अधिक लोगों की जान बचाने का प्रयास करना है। सेवाएं देने के दौरान मरीजों और परिजनों प्रति हमेशा अच्छा व्यवहार रखें।
कार्यक्रम का संचालन तानिया अरोड़ा एवं एचआर हेड राजकमल राय ने किया। इस मौके पर स्टेट हेड संदीप दुबे, डॉ. दाउद हुसामी, कमलाकन्नन, एसपी सिंह, देबज्योति कान्जिलाल, सौरव टंडन, ऑपरेशन हेड मिथलेश त्रिपाठी, विकास मणि त्रिपाठी, अरिजित पांडेय, रविंदर कुमार, सुजीत कुमार दास, रोहित श्रीवास्तव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
