Saturday , May 16 2026

पूरे जोशो-खरोश के साथ हुआ केजीएमयू में नये संकाय सदस्‍यों का स्‍वागत

-कुलपति ने कहा, नये सदस्‍यों से केजीएमयू को हैं बहुत आशाएं

-डॉ केके सिंह ने कहा, रिटायर्ड संकाय सदस्‍यों का ध्‍यान रखना एसोसिएशन की प्राथमिकता

-गीत-संगीत, नृत्‍य, धमाल में कई चिकित्‍सकों ने बिखेरे जलवे

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल विश्वविद्यालय स्थित कलाम सेंटर में टीचर्स एसोसियेशन द्वारा नये संकाय सदस्यों का स्वागत किया गया। नए संकाय सदस्यों का स्वागत करते हुए कुलपति ने कहा कि यह संस्थान 100 से अधिक वर्षों से उत्तर भारत में चिकित्सा क्षेत्र में अपनी अग्रणी भूमिका निभा रहा है। आप सभी से विश्वविद्यालय को बहुत आशाएं हैं, विश्वास है कि आप उन्हें पूरा करेंगे।

टीचर्स एसोसियेशन के प्रेसिडेंट डा0 के0 के0 सिंह ने अपने संदेश में कहा कि इस समय टीचर एसोसियेशन की प्राथमिकताओं में जितने भी हमारे अध्यापक सेवानिवृत्त हो चुके हैं, उनकी सुविधाओं को हमें उच्चीकृत करना है। प्राथमिकता है कि उनको विश्वविद्यालय से मिलने वाली मेडिसिन एवं उनके चिकित्सा व्ययपूर्ति को सुगम किया जा सके। यदि कोई टीचर चिकित्सा विश्वविद्यालय आने में असमर्थ है तो उसके लिए एम्बुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। साथ ही उन्हें आवश्यकता पड़ने पर घर पर ही चिकित्सा प्रदान कर सके। इन्ही सब पहलुओं पर टीचर्स एसोसियेशन विचार कर रहा है।

इसके अतिरिक्त सभी टीचर्स आपस में सामंजस्य बैठायें तथा आपस में सौहार्द की भावना को उत्पन्न करने के लिए टीचर्स एसोसियेशन द्वारा मुख्य रूप से सभी त्योहारों को मनाया जायेगा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। समय-समय पर टीचर्स एसोसियेशन द्वारा टीचर्स की मीटिंग आयोजित की जाएंगी। टीचर्स एसोसियेशन द्वारा आगामी कुछ दिनों में टीचर्स के लिए लांज बनाने की भी योजना है।

इस अवसर पर टीचर्स एसोसियेशन के सचिव डा0 संतोष कुमार द्वारा समस्त नयी फैकल्टी का स्वागत किया गया। टीचर्स एसोसियेशन की कोषाध्यक्ष डॉ शीतल वर्मा, डॉ अजय के पटवा और डॉ भास्‍कर की देखरेख में सांस्‍कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस आयो‍जन में कई संकाय सदस्यों द्वारा डांसिंग, सिंगिंग एवं इंस्ट्रुमेंटल सिंगिंग की प्रस्तुति की गयी।

कार्यक्रम में टीचर एसोसिएशन के समस्त पदाधिकारी तथा कई संकाय सदस्य कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ शीतल वर्मा द्वारा किया गया।