Tuesday , April 16 2024

लखनऊ ने कहा, ‘डिफेंस एक्सपो 2020’ के लिए हैं तैयार हम

-5 फरवरी से 9 फरवरी तक होने वाले इस आयोजन में आयी हैं दुनिया भर की 1028 कम्‍पनियां 

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ एशिया में रक्षा उत्पादों की सबसे बड़ी प्रदर्शनी का गवाह बनने जा रहा है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का संसदीय क्षेत्र लखनऊ दुनिया से भारत के रिश्तों का भी गवाह बनेगा।

यहां स्थित वृंदावन योजना में 5 फरवरी से 9 फरवरी तक आयोजित किये जाने वाले ‘डिफेंस एक्सपो 2020’ की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसका उद्घाटन बुधवार को अपरान्‍ह डेढ़ बजे प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी करेंगे।  जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को राजधानी की वृंदावन योजना में दोपहर डेढ़ बजे डिफेंस एक्सपो का उद्घाटन करेंगे।

रक्षा उपकरणों के कारोबारियों के इस समागम में 70 से ज्यादा देशों की 1028 कंपनियां अपने उत्पादों और तकनीकों का प्रदर्शन करेंगी। इनमें 856 भारतीय और 172 विदेशी कंपनियां हैं। इस आयोजन में 39 देशों के रक्षा मंत्री भी शिरकत करेंगे। मंगलवार को भी यहां प्रदर्शन किये जाने का रिहर्सल हुआ।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को डिफेंस एक्सपो के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि हम भारत को डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में तैयार कर रहे हैं। डिफेंस एक्सपो इसके लिए बेहतरीन प्लेटफॉर्म है। आयात पर निर्भरता खत्म कर भारत को रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में डिफेंस एक्सपो निर्णायक भूमिका निभाएगा क्‍योंकि भारत जैसा देश लंबे समय तक आयातित रक्षा उपकरणों और हथियारों पर निर्भर नहीं रह सकता। उन्‍होंने कहा कि डिफेंस एक्सपो में बनाया गया यूपी पैवेलियन उप्र में निवेश आकर्षित करने में कारगर साबित होगा। डिफेंस एक्सपो उप्र के नौजवानों के लिए रोजगार के प्रचुर अवसर भी सृजित करेगा।

राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को 2024 तक पांच ट्रि‍लियन डॉलर वाली अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य तय किया है, उसे साकार करने में भी यह आयोजन अहम भूमिका निभाएगा। भारत अभी दुनिया की छठवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है। यह दशक समाप्त होने तक वह दुनिया की तीन शीर्ष अर्थव्यवस्थाओं में शुमार होगा। डिफेंस एक्सपो के इस ग्यारहवें संस्करण को राजनाथ ने अब तक का भव्यतम शो बताया और इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की।

उत्तर प्रदेश के नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन ने मंगलवार को डिफेंस एक्सपो के आयोजन की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश भी दिए। उन्होंने मुख्य अतिथि सहित विशिष्ट अतिथियों के आगमन से लेकर एक्सपो के भ्रमण आदि के बारे में विस्तार से समीक्षा की, साथ ही आयोजन स्थल पर की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन भी किया। उन्होंने एक्सपो में बनाये गये उद्घाटन पवेलियन, टेन्ट सिटी को देखा।

इसके अतिरिक्त विक्रमादित्य डाइनिंग हाल, फर्स्‍ट एड तथा नगराम अण्डर पास का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिये कि इस मौके पर राष्ट्रीय एवं अन्तर्राष्ट्रीय मेहमान व संस्थानों के प्रतिनिधि आएंगे। इसलिए किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाय निरीक्षण के दौरान श्री टंडन ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि डिफेन्स एक्सपो के दौरान बेहतर साफ-सफाई, सड़क व पानी की समुचित व्यवस्था की जाये।

इस अवसर पर मेयर संयुक्ता भाटिया, सलाहकार नगर विकास केशव वर्मा, प्रमुख सचिव नगर विकास मनोज कुमार सिंह, नगर आयुक्त डॉ इन्द्रमणि त्रिपाठी तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।