-केरल में आयोजित ISACON 2026 में डॉ प्रेमराज सिंह सहित चार चिकित्सकों ने सिमुलेशन प्रतियोगिता में लहराया परचम

सेहत टाइम्स
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ के एनेस्थीसियोलॉजी विभाग ने केरल के कोवलम में आयोजित इंडियन सोसाइटी ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स के 73वें राष्ट्रीय सम्मेलन (ISACON 2026) में सिमुलेशन प्रतियोगिता की ‘बेस्ट क्रिटिकल केस अवॉर्ड’ श्रेणी में जीत हासिल कर विश्वविद्यालय का गौरव बढ़ाया है।
इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए देशभर की 42 टीमों में से मात्र 10 टीमों का चयन किया गया था।एनेस्थीसियोलॉजी विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. मोनिका कोहली के मार्गदर्शन में KGMU की टीम में डॉ. प्रेम राज सिंह, डॉ. रवि प्रकाश, डॉ. नील कमल मिश्रा एवं डॉ. वंदना भारती ने प्रतिभाग किया।
जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि टीम ने गंभीर चिकित्सकीय परिस्थितियों के सिमुलेशन में उत्कृष्ट चिकित्सकीय कौशल, आपातकालीन प्रबंधन, त्वरित निर्णय क्षमता एवं बेहतर टीमवर्क का प्रदर्शन करते हुए यह पुरस्कार हासिल किया। यह उपलब्धि चिकित्सा शिक्षा, रोगी सुरक्षा एवं आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन के क्षेत्र में विभाग की उत्कृष्टता और प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह संपूर्ण KGMU परिवार के लिए गौरव का क्षण है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times