Friday , November 27 2026

मातृत्व अंगों को सुरक्षित रखते हुए निकाली फेलोपीन ट्यूब से 12 लीटर पानी भरी गांठ

-संजग गांधी पीजीआई में डॉक्टरों ने फिर किया कमाल

सेहत टाइम्स

लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (SGPGI) के डॉक्टरों ने एक बार फिर चिकित्सा के क्षेत्र में बड़ी सफलता हासिल की है। संस्थान के स्त्री एवं प्रसूति रोग (गायनेकोलॉजी) विभाग की टीम ने एक बेहद जटिल सर्जरी को अंजाम देते हुए बिहार की एक 28 वर्षीय महिला के पेट से 35 × 32 × 25 सेमी आकार की विशालकाय गांठ को सफलतापूर्वक बाहर निकाला है।

लिवर और डायफ्राम तक पहुंच गई थी गांठ

पीड़ित महिला पिछले 3-4 महीनों से पेट में लगातार सूजन, सांस लेने में तकलीफ, चलने-फिरने में असमर्थता और गंभीर कब्ज से परेशान थी। एसजीपीजीआई की ओपीडी में जांच के दौरान पता चला कि उसके पेट और पेल्विक हिस्से में एक अत्यंत बड़ी गांठ है। यह गांठ पूरे पेट में फैलकर लिवर और डायफ्राम तक पहुंच गई थी, जिसके दबाव से मरीज की आंतें एक तरफ खिसक गई थीं।

मरीज की गंभीर स्थिति और गांठ के विशाल आकार को देखते हुए डॉक्टरों ने तुरंत सर्जरी करने का फैसला किया। ऑपरेशन के दौरान सर्जिकल टीम ने फैलोपियन ट्यूब से जुड़ी इस विशाल गांठ से करीब 12 लीटर तरल पदार्थ (फ्लूइड) निकाला और फिर गांठ को पूरी तरह से शरीर से अलग कर दिया।

प्रजनन क्षमता सुरक्षित रखना थी सबसे बड़ी चुनौती

मरीज की कम उम्र को देखते हुए डॉक्टरों के सामने उसकी प्रजनन क्षमता को बचाना सबसे बड़ी चुनौती थी। टीम ने पूरी कुशलता के साथ महिला के गर्भाशय (Uterus), दूसरी तरफ की फैलोपियन ट्यूब और अंडाशय (Ovary) को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित बचा लिया। इससे भविष्य में महिला के मां बनने की संभावना पूरी तरह सुरक्षित है। फिलहाल मरीज की हालत में तेजी से सुधार हो रहा है।

इन डॉक्टरों और स्टाफ की रही अहम भूमिका

इस सफल ऑपरेशन का नेतृत्व डॉ. अंजू रानी ने किया। सर्जिकल टीम में डॉ. निधि, डॉ. सरिता और डॉ. आयुषी ने उनका सहयोग किया। वहीं, एनेस्थीसिया टीम में डॉ. संदीप खूबा और डॉ. हर्षा शामिल रहे, जबकि पैरामेडिकल स्टाफ से सिस्टर ज्योति, दिव्या, कामेलिया और बीरभान ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।