-करियर डेंटल कॉलेज व इंडियन प्रोस्थोडॉन्टिक सोसाइटी उत्तर प्रदेश ने संयुक्त रूप से आयोजित की सीडीई

सेहत टाइम्स
लखनऊ। आधुनिक तकनीक में डेंटल इम्प्लांट के लिए क्राउन (Crown), ब्रिज (Bridge), ओवरडेंचर (Overdenture), और हाइब्रिड डेंचर (Hybrid Denture) जैसे कई तरह के प्रोस्थेटिक विकल्प मौजूद हैं, इनका चुनाव दांत की जरूरत और जबड़े की हड्डी की स्थिति के आधार पर किया जाता है।
यह जानकारी दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. गोपाल गोयल ने करियर पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज एंड हॉस्पिटल (करियर डेंटल कॉलेज) के प्रोस्थोडॉन्टिक्स विभाग द्वारा इंडियन प्रोस्थोडॉन्टिक सोसाइटी (IPS) – उत्तर प्रदेश स्टेट ब्रांच के संयुक्त तत्वावधान में दंत प्रत्यारोपण पर एक विशेष सतत दंत चिकित्सा शिक्षा (CDE) कार्यक्रम में “डेंटल इम्प्लांट्स के लिए प्रोस्थेटिक विकल्प” विषय पर अपने व्याख्यान में दी। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को डेंटल इम्प्लांटोलॉजी की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराया और मरीजों के पुनर्वास (रिहैबिलिटेशन) में इसके क्रांतिकारी लाभों पर प्रकाश डाला।
सीडीई के बारे में आईपीएस– उत्तर प्रदेश स्टेट ब्रांच के सचिव केजीएमयू के प्रोफेसर डॉ. कमलेश्वर सिंह ने बताया कि इस शैक्षणिक कार्यक्रम में विभिन्न डेंटल कॉलेजों के 200 से अधिक प्रतिनिधियों (डेलीगेट्स), परास्नातक (PG) छात्रों, रेजिडेंट डॉक्टरों और संकाय सदस्यों (फैकल्टी) ने भाग लिया।

डेंटल इम्प्लांटोलॉजी के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर
इस मौके पर आईपीएस– उत्तर प्रदेश स्टेट ब्रांच के अध्यक्ष डॉ. रघुवर दयाल सिंह ने समाज में डेंटल इम्प्लांटोलॉजी के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इसके दीर्घकालिक लाभों को आम जनता तक पहुँचाने की आवश्यकता पर जोर दिया तथा डॉ. कमलेश्वर सिंह ने मरीजों को बेहतर और स्थायी दंत उपचार प्रदान करने में डेंटल इम्प्लांट्स के बढ़ते चिकित्सीय महत्व को रेखांकित किया।
चेयरमैन, करियर डेंटल कॉलेज डॉ. अज़मत अली ने संस्थान में मरीजों की नियमित देखभाल (रूटीन पेशेंट केयर) के उच्च मानकों पर अपने विचार साझा किए और गुणवत्तापूर्ण दंत चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने की संस्थान की प्रतिबद्धता दोहराई। इस सीडीई के आयोजन अध्यक्ष डॉ. कौशिक कुमार पांडेय ने डेंटल इम्प्लांटोलॉजी में समग्र रोगी प्रबंधन (पेशेंट मैनेजमेंट) और आधुनिक सर्जिकल पद्धतियों पर अपने महत्वपूर्ण चिकित्सीय अनुभव साझा किए।
इस अवसर पर डॉ अरविन्द सिंह, डा देवेंद्र चोपड़ा, कोषाध्यक्ष IPS यूपी स्टेट ब्रांच डॉ. कौशल किशोर अग्रवाल, प्रबंध निदेशक, करियर इंस्टीट्यूट ऑफ डेंटल साइंसेज डॉ. अफसर सिद्दीकी और प्राचार्या, करियर डेंटल कॉलेज डॉ. बालासुंदरी श्रीधर भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में संकाय सदस्य डॉ. फौजिया, डॉ. शैली त्यागी, डॉ. अभिषेक कटियार, डॉ. उमर तथा विभिन्न दंत चिकित्सा महाविद्यालयों से आए अतिथि शिक्षकों का विशेष योगदान रहा।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times