-अगले माह होने वाले ‘ट्रांसलाइफकॉन-2026’ के थीम सॉन्ग का भी विमोचन

सेहत टाइम्स
लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ में 25 नवम्बर को चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान एवं सामाजिक स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में दो महत्वपूर्ण पहल की गईं। आगामी राष्ट्रीय सम्मेलन ‘ट्रांसलाइफकॉन-2026’ के आधिकारिक थीम सॉन्ग का विमोचन किया गया तथा इंडियन ओवरसीज बैंक, विभूति खंड, लखनऊ द्वारा कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) के अंतर्गत प्रदान की गई स्वैच्छिक रक्तदान वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। 18 से 20 दिसम्बर, 2026 तक आयोजित होने वालेआर इस सम्मेलन की थीम रक्त आधान और प्रत्यारोपण: दान से रूपांतरण तक Blood transfusion & transplantation : From Donation to Transformation है।

कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. सी.एम. सिंह, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभाग के विभागाध्यक्ष एवं एग्जीक्यूटिव रजिस्ट्रार डॉ. सुब्रत चंद्रा, कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. भुवन चन्द्र तिवारी तथा किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय, लखनऊ की ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. तूलिका चंद्रा सहित अन्य वरिष्ठ चिकित्सक एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
यहां जारी विज्ञप्ति के अनुसार ट्रांसलाइफकॉन-2026 का आयोजन 18 से 20 दिसंबर 2026 तक Hotel ताज महल लखनऊ में किया जाएगा। इस राष्ट्रीय सम्मेलन में देशभर के विशेषज्ञ ट्रांसफ्यूजन मेडिसिन के क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों, वैज्ञानिक अनुसंधान एवं नवाचारों पर विचार-विमर्श करेंगे।
वहीं, CSR के तहत प्राप्त रक्तदान वैन के माध्यम से विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों, संगठनों एवं सामुदायिक क्षेत्रों में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जा सकेंगे। इससे रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए सुरक्षित एवं पर्याप्त रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times