-लम्बे समय से चली आ रही मांग-आवश्यकता को पूरा किये जाने की दी जानकारी

सेहत टाइम्स
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) ने कहा है कि हम अपनी सेवाओं में निरंतर वृद्धि कर रहे हैं। गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा और शिक्षा के साथ-साथ हम अपने चिकित्सकों, शिक्षकों, छात्र छात्राओं एवं समस्त कर्मचारियों के प्रति पूर्णतः कटिबद्ध हैं। केजीएमयू की ओर से यह बयान हाल ही में यहां अध्ययनरत महिला रेजीडेंट डॉक्टर द्वारा आत्महत्या करने की कोेशिश की घटना के बाद आया है। ट्रॉमा सेंटर में भर्ती इस रेजीडेंट डॉक्टर का हालचाल लेने विभागीय मंत्री उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी पहुंचे थे।
घटना के कारणों में जो बात चर्चा में सामने आयी हैं उनमें रेजीडेंट डॉक्टरों पर होने वाला कार्य का प्रेशर है। इस घटना के बाद रेजीडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ने रेजीडेंट डॉक्टर्स को होने वाली दिक्कतों के बारे में बयान जारी किया था। पूर्व में भी रेजीडेंट डॉक्टरों द्वारा सुविधाओं को लेकर अपनी मांगें रखी जाती रही हैं, लेकिन इन मांगों को पूरा करने में तेजी पिछले दिनों कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज में हुई रेजीडेंट डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या की घटना के बाद आयी थी।
केजीएमयू प्रशासन की ओर से मीडिया प्रवक्ता डॉ सुधीर सिंह द्वारा जारी बयान में कहा गया है कि रेजिडेंट छात्रों की मांग एवं आवश्यकता के अनुरूप समस्त विभागों में रेजिडेंट छात्र छात्राओं के लिए पुरुष एवं महिला प्रसाधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है। इस शृंखला में समस्त विभागों को दिशा निर्देश जारी किए गए। विभागवार प्रसाधन कक्ष एवं विश्राम कक्ष की वस्तुतः स्थिति प्राप्त की गई।
बयान में कहा गया है कि 92 प्रतिशत विभागों में अलग-अलग प्रसाधन की स्थाई सुविधा उपलब्ध करा दी गई है। शेष 8 प्रतिशत विभाग एवं आपातकालीन कार्यस्थलों पर वैकल्पिक व्यवस्था द्वारा समाधान किया गया है, जिसे शीघ्र ही स्थाई रूप में परिवर्तित कर दिया जाएगा। 80 प्रतिशत विभाग एवं कार्यस्थल पर रेजिडेंट डॉक्टर के लिए विश्राम कक्ष स्थापित कर लिए गए हैं।
बयान में कहा गया है कि यह आंकड़ा उपमुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश ब्रजेश पाठक के गत दो दिन पूर्व आगमन पर उनके सम्मुख प्रस्तुत भी किया गया था। कहा गया है कि विश्वविद्यालय प्रशासन अपने सभी रेजिडेंट डॉक्टरों, विशेषतः महिला डॉक्टरों की निजी आवश्यकता का पूर्ण सम्मान करता है। एक अच्छे कार्यस्थल की सुविधा के साथ उच्च कोटि की शिक्षा एवं चिकित्सा प्रदान करते हुए अपने सभी रोगियों की संतुष्टि के सुखद पथ की ओर हम अग्रसर हैं।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times