Thursday , October 8 2026

भारतीय चिकित्सक ने रचा इतिहास : चीन में बैठकर भारत के अस्पताल में की सफल ‘रिमोट रोबोटिक सर्जरी’

-हैदराबाद स्थित अस्पताल के ऑपरेशन थियेटर में भर्ती मरीज का किया मूत्रवाहिनी प्रत्यारोपण

Photo Courtsey. ‘X’

सेहत टाइम्स

लखनऊ। चीन में कार्यरत भारतीय चिकित्सक ने चिकित्सा जगत में एक इतिहास रच दिया है। वुहान में तैनात भारतीय मूत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सैयद मोहम्मद गौस ने 5G तकनीक और रोबोटिक्स की मदद से हैदराबाद के एक मरीज की सफल ‘रिमोट रोबोटिक सर्जरी’ करते हुए मूत्रवाहिनी प्रत्यारोपण (Ureteral Implantation) किया।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ब्लैडर रीकनेक्शन की इस जटिल सर्जरी से मरीज की जान बचा ली गई। चीन में यह सर्जरी वुहान के टोंगजी अस्पताल से संचालित की गयी, यहां डॉ. गौस ने भारत में मौजूद रोबोटिक हाथों को कंट्रोल करते हुए मरीज की जान बचाई। इस सर्जरी ने यह साबित कर दिया है कि टेक्नोलॉजी प्रत्येक क्षेत्र के लिए बेहद जरूरी है।

रिपोर्ट्स बताती हैं कि इस सर्जरी को सफल तरीके से पूरा करने के लिए पहले भारत और चीन के डॉक्टरों ने ऑनलाइन चर्चा करते हुए मरीज की केस हिस्ट्री व अन्य आवश्यक आंकड़ों की जांच की। इसके बाद डॉक्टरों की टीम ने इतिहास रचने की ओर कदम बढ़ाने का फैसला किया। एक सटीक योजना बनाकर ऑपरेशन की तैयारी की गयी, इसके तहत मरीज को ऑपरेशन थिएटर में एनेस्थीसिया देने के बाद, उसके शरीर में हाई-डेफिनिशन 3D कैमरों और बारीक सर्जिकल उपकरणों से लैस रोबोटिक आर्म्स डाले गए।

दूसरी ओर वुहान में एक गेमिंग कंसोल पर बैठे डॉ. गौस एक विशेष दूरबीन के जरिए मरीज के शरीर के अंदर की लाइव 3D तस्वीरें देख पा रहे थे। उनके हाथों में वीडियो गेम जैसे कंट्रोल्स थे। डॉ गौस चीन में बैठकर जैसे-जैसे हाथ हिलाते वैसे-वैसे भारत में मौजूद रोबोटिक आर्म्स हरकत मरीज के शरीर में दोहराते गए।

5G नेटवर्क की महत्वपूर्ण भूमिका

रिपोर्ट्स के अनुसार इस रोबोटिक सर्जरी को पूरा करने में सुपरफास्ट 5G नेटवर्क टेक्नोलॉजी की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण रही और डॉक्टर द्वारा दिए गए निर्देश सिर्फ 200 मिलीसेकंड से भी कम समय में भारत में रोबोट तक पहुंच रहे थे। बताया जाता है कि पूरी सतर्कता बरतते हुए किसी आपात स्थिति पर काबू पाने का भी इंतजाम था, इसके लिए लोकल डॉक्टर्स की टीम बी ऑपरेशन थिएटर में मौजूद थी।

चीनी दूतावास ने ‘एक्स’ पर भी साझा की है जानकारी

भारत स्थित चीनी दूतावास की प्रवक्ता यू जिंग ने भी इस उपलब्धि को लेकर सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया है, इसमें उन्होंने लिखा है कि वुहान में तैनात भारतीय यूरोलॉजिस्ट डॉ. सैयद मोहम्मद गौस ने चीन में विकसित रोबोटिक्स और 5G टेक्नोलॉजी की मदद से, हैदराबाद (भारत) में 3,000 किलोमीटर दूर मौजूद एक मरीज़ पर सिर्फ़ 90 मिनट में रोबोट की मदद से यूरेटेरल रीइम्प्लांटेशन का ऑपरेशन सफलतापूर्वक किया।