Wednesday , May 27 2026

उत्तर प्रदेश में बकरीद का अवकाश अब 27 मई के स्थान पर 28 मई को

-एसजीपीजीआई मेंं 28 मई को ओपीडी में नहीं होंगे नये पंजीकरण, सिर्फ पुराने मरीज दिखा सकेंगे चिकित्सकों को

सेहत टाइम्स

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) का सार्वजनिक अवकाश Public Holiday आगामी 28 मई गुरुवार को घोषित किया है, सार्वजनिक अवकाशों की सूची में इसे 27 मई को घोषित किया गया था, लेकिन चंद्र दर्शन पर आधारित होने के चलते चूंकि उत्तर प्रदेश में बकरीद का पर्व 28 मई को मनाया जायेगा ऐसे में अवकाश की तिथि भी 27 मई के स्थान पर 28 मई की गयी है। 27 मई को सामान्य कार्यदिवस की तरह कार्यालय खुलेंगे। यह जानकारी शासन के सामान्य प्रशासन अनुभाग द्वारा जारी विज्ञप्ति में दी गयी है।

पुराने मरीजों के लिए अवकाश नहीं

इसी का अनुपालन करते हुए अब यहां लखनऊ स्थित संजय गांधी पीजीआई SGPGI में भी 28 मई को ईद उल अजहा (बकरीद) के उपलक्ष्य में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। 27 मई ( बुधवार) को संस्थान पूर्णतया खुला रहेगा। संस्थान द्वारा जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए बताया गया है कि संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ में 28 मई (गुरुवार) को ओ पी डी में नये पंजीकरण नहीं होंगे, किन्तु जिन पुराने रोगियों Old Patients को ओ पी डी परामर्श के लिए पहले से ही तारीख दी गयी है, उन्हें ओ पी डी में देखा जायेगा।

संकाय भर्ती के साक्षात्कार पर असर नहीं

विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि 28 मई को संकाय भर्ती Faculty Recruitment के लिए साक्षात्कार पूर्व निर्धारित समय के अनुसार संपन्न होंगे, यानी साक्षात्कार के कार्यक्रम पर अवकाश की तिथि के बदलाव का असर नहीं पड़ेगा।