Wednesday , April 29 2026

केएसएसएससीआई में नर्सिंग ऑफीसर्स को दिया गया महत्वपूर्ण प्रशिक्षण

-“फेलिसिटेशन एवं इंटीग्रेटेड पैरामेडिकल प्रशिक्षण कार्यक्रम” आयोजित

सेहत टाइम्स

लखनऊ। कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ में “फेलिसिटेशन एवं इंटीग्रेटेड पैरामेडिकल प्रशिक्षण कार्यक्रम” का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, संस्थान के निदेशक प्रो. एम.एल.बी.भट्ट रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. विनोद जैन, पूर्व डीन पैरामेडिक्स, KGMU उपस्थित रहे।

इस “इंटीग्रेटेड पैरामेडिकल प्रशिक्षण कार्यक्रम” के अंतर्गत 60 नर्सिंग ऑफिसर्स को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें वाइटल साइन की व्याख्या, क्रैश कार्ट की तैयारी एवं डॉक्यूमेंटेशन, आई.सी.यू में प्रोसीजर ट्रॉली की तैयारी, कैथेटर एवं ट्यूब की देखभाल, अस्पताल जनित संक्रमण की रोकथाम, गंभीर रोगियों का हैंडओवर, मैकेनिकल वेंटिलेशन, ब्लड ट्रांसफ्यूजन की मूल बातें तथा गंभीर रोगियों का सुरक्षित परिवहन जैसे विभिन्न विषय शामिल रहे।

प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले नर्सिंग ऑफिसर्स को इस अवसर पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नर्सिंग स्टाफ के व्यावसायिक कौशल, ज्ञान एवं कार्य दक्षता को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम में संस्थान के वरिष्ठ अधिकारियों—प्रो. विजेंद्र कुमार (सी.एम.एस.), डॉ. प्रमोद कुमार गुप्ता (डीन), डॉ. वरुण विजय (एम.एस.) एवं डॉ. आयुष लोहिया (कुलसचिव) एवं अन्य संकाय सदस्यों एवं रेसिडेंट्स की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. मधुलिका दुबे, डॉ. एस. प्रिया, डॉ. रुचि सक्सेना, डॉ. इंदुबाला मौर्य, डॉ. अंजु दुबे, डॉ. अभिषेक पाण्डेय, सीनियर नर्सिंग ऑफिसर गजेंद्र एवं करतार सिंह का विशेष योगदान रहा।