Thursday , May 14 2026

डॉ विनोद जैन को फेलो ऑफ़ रॉयल कॉलेज ऑफ़ सर्जन्स की उपाधि

-एडिनबर्ग स्कॉटलैंड में दीक्षांत समारोह में अगले साल प्रदान की जाएगी डिग्री

डॉ विनोद जैन

सेहत टाइम्‍स 

लखनऊ। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के सर्जरी विभाग के पूर्व प्रोफेसर डॉ विनोद जैन को रॉयल कॉलेज ऑफ़ सर्जन्स एडिनबर्ग द्वारा फेलो ऑफ़ रॉयल कॉलेज ऑफ़ सर्जन्स की उपाधि प्रदान की गयी है।

यह FRCS उनको विगत 40 वर्षों से सर्जरी में निरंतर उत्कृष्ट सेवा प्रदान करने एवं उनके अनुभव को दृष्टिगत रखते हुए प्रदान की गई है। FRCS की डिग्री इनको 19 अप्रैल 2024 को रॉयल कॉलेज ऑफ़ सर्जन्स एडिनबर्ग के दीक्षांत समारोह में एडिनबर्ग स्कॉटलैंड में प्रदान की जाएगी।

डॉ विनोद जैन किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय से 1981 में MBBS तथा 1985 में सर्जरी में MS करके निरंतर इस क्षेत्र में अपनी सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। विगत 5 अक्टूबर 2022 को KGMU के सर्जरी विभाग के प्रोफ़ेसर के पद से सेवानिवृत्त होकर वर्तमान में वे नीरा हॉस्पिटल में सर्जिकल सेवाएँ उपलब्ध करा रहे हैं।

किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय में सर्जिकल सेवाएं, पठन-पाठन एवं रिसर्च के साथ-साथ इन्होंने यहां पैरामेडिकल संकाय की स्थापना की तथा KGMU इंस्टीट्यूट ऑफ़ स्किल्स बनाया जिसके द्वारा दक्षता परक (competency based medical education) चिकित्सा शिक्षा दी जा रही है। इसके अतिरिक्‍त किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय का रेडियो KGMU गूंज भी डॉ जैन के द्वारा परिकल्पित एवं स्थापित किया गया है।

COVID महामारी के दौरान डॉ विनोद ने जन सामान्य एवं स्वास्थ्य कर्मियों के COVID प्रशिक्षण के लिए 63 यूट्यूब वीडियो बनाए एवं चिकित्सा सेतु ऐप में अभूतपूर्व योगदान दिया, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी द्वारा किया गया था। इस चिकित्सा सेतु  ऐप के लिए इन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है। अपनी सफलता का श्रेय अपनी मां अपने गुरुजन एवं साथियों को देते हैं।