-डीपीआरए के दो दिवसीय प्रांतीय अधिवेशन में भाग लेने के लिए उठाया कदम

सेहत टाइम्स
लखनऊ। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य महानिदेशालय ने डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन (DPRA), उत्तर प्रदेश के आगामी प्रांतीय अधिवेशन और निर्वाचन को लेकर एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अधिवेशन में प्रदेश भर के फार्मासिस्टों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए द्वारा 10 और 11 अप्रैल का दो दिवसीय ‘विशेष अवकाश’ (Special Leave) आधिकारिक रूप से स्वीकृत कर दिया गया है।
एसोसिएशन के जिला मंत्री राजीव कनौजिया ने महानिदेशालय द्वारा जारी पत्र (संख्या-4ई(2)/9169/06/2026/भाग-4) का हवाला देते हुए बताया कि इस आदेश के तहत प्रदेश के सभी जनपदों में कार्यरत फार्मासिस्टों एवं चीफ फार्मासिस्टों को अधिवेशन में प्रतिभाग करने के लिए 10 और 11 अप्रैल का विशेष अवकाश प्रदान किया गया है। इस आदेश के बाद संगठन के सदस्यों में भारी उत्साह है।
संगठन के संविधान के अनुरूप इस निर्वाचन और अधिवेशन की आधिकारिक घोषणा प्रांतीय अध्यक्ष जे.के. सचान और महामंत्री प्रद्युम्न सिंह द्वारा पहले ही की जा चुकी है। 11 अप्रैल 2026 (द्वितीय शनिवार) को नई प्रांतीय कार्यकारिणी का चुनाव होगा, इस दिन के अन्य एजेंडा में फार्मासिस्टों एवं चीफ फार्मासिस्टों की लंबित मांगें, पदोन्नति की बाधाएं और शासन के साथ भविष्य के संवाद की रणनीति जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाना शामिल है।
राजीव कनौजिया ने कहा, “यह अधिवेशन हमारे संवर्ग की एकता और अधिकारों की रक्षा के लिए एक निर्णायक मंच साबित होगा। महानिदेशालय द्वारा विशेष अवकाश की स्वीकृति ने यह सुनिश्चित कर दिया है कि प्रदेश के कोने-कोने से हमारे साथी निर्बाध रूप से इस लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हिस्सा बन सकेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि लखनऊ जिला इकाई सभी आगंतुक साथियों के भव्य स्वागत और सफल चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। इस अधिवेशन के माध्यम से चुनी गई नई कार्यकारिणी आगामी कार्यकाल में फार्मासिस्टों एवं चीफ फार्मासिस्टों के मान-सम्मान और उनके हितों की रक्षा के लिए शासन के साथ पुरजोर पैरवी करेगी।
जिला मंत्री ने प्रदेश के समस्त जनपदों के पदाधिकारियों और सदस्यों से अपील की है कि वे इस संवैधानिक अवसर का लाभ उठाएं और भारी संख्या में लखनऊ पहुँचकर अपनी एकता का परिचय दें।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times