Saturday , April 20 2024

मेदांता अस्पताल पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी ने लिया लालजी टंडन का हाल

-आईसीयू में भर्ती हैं टंडन, लिवर की है दिक्‍कत, कोविड-19 की जांच रिपोर्ट निगेटिव

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। यहां मेदांता अस्पताल में भर्ती मध्यप्रदेश के राज्यपाल एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री उप्र लालजी टंडन का स्वास्थ्य हाल जानने के लिए रविवार शाम, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे। मुख्यमंत्री ने वार्ड में जाकर, श्री टंडन से बात की और चिकित्सकों से संबन्धित बीमारी और उसके उपचार की जानकारी ली। मुख्यमंत्री के साथ कैबिनेट मंत्री डॉ.महेन्द्र सिंह भी पहुंचे थे। अस्पताल में श्री टंडन के साथ, उनके पुत्र और उप्र कैबिनेट मंत्री आशुतोष टंडन उर्फ गोपाल और अस्पताल के निदेशक डॉ.राकेश कपूर ने, मुख्यमंत्री की अगवानी की।

मेदांता अस्पताल के निदेशक डॉ.कपूर ने बताया कि श्री टंडन को, सांस की दिक्कत, पेशाब की परेशानी और बुखार के साथ मेदांता हॉस्पिटल लखनऊ में भर्ती कराया गया था। उन्हें डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है और विशेषज्ञों द्वारा परीक्षण एवं सुचारु इलाज के उपरांत उन्हें बुखार और पेशाब की परेशानी में काफी सुधार हुआ। उनकी कोविड-19 की रिपोर्ट भी नि‍गेटिव है। उन्होंने बताया कि श्री टंडन में जांचों के दौरान उनके लिवर में भी दिक्कत पायी गयी थी जिसके लिए उनका एक सीटी गाइडेड प्रोसीजर किया गया।

उन्‍होंने बताया कि प्रोसीजर के उपरांत पेट में रक्त का स्राव बढ़ गया जिसके चलते उनका इमरजेंसी ऑपरेशन किया गया। ऑपरेशन के बाद उनको आई.सी.यू. में विशेषज्ञों की निगरानी में रखा गया है और उनकी हालत में सुधार हो रहा है। उनकी हालत में पूर्णत: सुधार होने पर उनको हॉस्पिटल से डिस्चार्ज करने का निर्णय लिया जायेगा।