Friday , April 26 2024

‘मुख्‍यमंत्री जी, कर्मचारियों को आंदोलन के लिए विवश न करें’

-लम्बित मांगों को पूरा करने की संयुक्‍त मोर्चा की बैठक में की गयी अपील

वीपी मिश्रा और शशि कुमार

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। संयुक्त मोर्चा ने मुख्‍यमंत्री और मुख्‍य सचिव से अपील की है कि उत्‍तर प्रदेश के आन्दोलित कर्मचारियों की समस्याओं पर समय रहते सार्थक निर्णय कराने के निर्देश देने का कष्ट करें जिससे प्रदेश के कर्मचारियों को एक बड़े आन्दोलन के लिए विवश न होना पड़े।

मोर्चा के अध्यक्ष वी0पी0 मिश्रा की अध्यक्षता में मोर्चा के घटक संगठनों की लखनऊ नगर निगम मुख्यालय पर बैठक हुई जिसमें प्रदेश के लाखों राज्य कर्मचारी, निगम, निकाय, शिक्षक, स्वास्थ्य सेवाओं आदि के कर्मचारियों की पूर्व से लम्बित मांगों एवं समय-समय पर प्रदेश सरकार/शासन/मुख्य सचिव स्तर पर हुई बैठकों में लिये गये निर्णय का क्रियान्वयन न किये जाने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया गया।

आज की बैठक में मोर्चे के महासचिव शशि कुमार मिश्र ने मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव से अपील की है कि प्रदेश के आन्दोलित कर्मचारियों की समस्याओं पर समय रहते सार्थक निर्णय कराने के निर्देश देने का कष्ट करें जिससे प्रदेश के कर्मचारियों को एक बड़े आन्दोलन के लिए विवश न होना पड़े। वही मोर्चे द्वारा राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उ0प्र0 द्वारा अपनी मांगों की पूर्ति के लिए एक माह से प्रदेशव्यापी जन जागरण के बाद 18 मार्च को लखनऊ जनपद सहित प्रदेश के अन्य जनपदों में किये जा रहे एक दिवसीय उपवास/धरना/ज्ञापन दिये जाने का कार्यक्रम निश्चित किया गया है, जिसमें संयुक्त मोर्चा के सभी घटक संगठनों के हजारों हजार कर्मचारी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करने का निर्णय लिया है और यह भी निश्चय किया है कि यदि प्रदेश सरकार/शासन द्वारा समय रहते कर्मचारियों की जायज मांगों का सार्थक निर्णय नहीं लिया गया तो आने वाले समय में प्रदेश सरकार के नेतृत्व में होने वाले चुनाव में प्रदेश का लाखों कर्मचारी अपनी मांगों की पूर्ति के लिए आम जनमानस का सहयोग प्राप्त कर सरकार की कर्मचारी विरोधी नीति का विरोध करेगा।

आज की बैठक में प्रमुख रूप सुरेश कुमार रावत, अध्यक्ष, अतुल मिश्रा, महामंत्री, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उ0प्र0, मनोज कुमार मिश्र, अध्यक्ष, उ0प्र0 राज्य निगम कर्मचारी महासंघ, महासचिव, घनश्याम यादव, गिरीश चन्द्र मिश्रा, महामंत्री, रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, अशोक कुमार, महामंत्री, राजकीय नर्सेस संघ उ0प्र0, एस0ए0एच0 जैदी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, संयुक्त मोर्चा, के0के0 सचाल, संगठन प्रमुख राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, डा0 सुभाष चन्द्र श्रीवास्तव, अध्यक्ष, लखनऊ जनपद, राजीव तिवारी, वित्त सचिव, उ0प्र0 राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, जे0के0 सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी, उ0प्र0 माध्यमिक शिक्षक संघ आदि कर्मचारी प्रतिनिधि उपस्थित रहे।