Thursday , November 19 2026

गुरुनानक देव का प्रकाश पर्व मनाया

लखनऊ। यहां समर विहार वेलफेयर एसोसिएशन आलमबाग के तत्वावधान में गुरु नानक देव जी का 550वां प्रकाश पर्व रविवार को सेंट्रल पार्क में श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया।

अध्यक्ष कृपाल सिंह ऐबट ने यह जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार और रविवार को प्रभात फेरी निकाली गई जिसमें 200 से 250 श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इसके अलावा प्रातः 10:00 बजे से दोपहर ढाई बजे तक केकेएनएस गुरमत संगीत एकेडमी के बच्चों ने प्रिंसिपल सुरेंद्र कौर, रागी जत्था भाई गुरदीप सिंह, ज्ञानी सतवंत सिंह और रागी जत्था भाई राजेंद्र सिंह ने गुरुवाणी कीर्तन करके श्रद्धालुओं को निहाल किया।

इस अवसर पर उपस्थित पार्षद गिरीश मिश्र ने गुरु पर्व की बधाई दी और महापौर संयुक्ता भाटिया ने आह्वान किया कि लखनऊ नगर में महान गुरुओं की कृतियां संजोकर रखने के लिए एक स्थान बनाएं जो हमारी भावी पीढ़ी के लिए यादगार बन सके। उन्होंने कहा कि इस कार्य में नगर निगम अपना पूरा सहयोग देगा। इस मौके पर सुखमनी साहिब सेवा सोसायटी सेवक जत्था, सिख यंगमेंस एसोसिएशन तथा अन्य सेवादारों को सम्मानित किया गया तथा गुरु के लंगर का भी आयोजन किया गया।