Saturday , March 28 2026

युवाओं से सक्षम एवं प्रभावी सुरक्षा पेशेवर बनने का आह्वान

-जीआरपी के महानिदेशक ने की आरआरयू की पहल की सराहना

सेहत टाइम्स

लखनऊ। राष्ट्रीय रक्षा विश्वविद्यालय (RRU), लखनऊ परिसर के फ्लैगशिप कार्यक्रम के अंतर्गत चिंतन शिविर व्याख्यान शृंखला : राष्ट्रीय सुरक्षा एवं पुलिस प्रशासन के तहत एक विशिष्ट व्याख्यान एवं अतिथि भ्रमण का आयोजन किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एवं महानिदेशक, राजकीय रेलवे पुलिस (GRP), उत्तर प्रदेश, प्रकाश डी, द्वारा “भारत में रेलवे सुरक्षा के उभरते रुझान” विषय पर विशेषज्ञ व्याख्यान दिया गया।

कुलपति प्रो. बिमल एन. पटेल एवं उत्तर प्रदेश परिसर निदेशक डॉ. मंजरी चंद्रा की ओर से हितेश गोयल, सहायक निदेशक (प्रशिक्षण) एवं पुलिस प्रशासन के सहायक प्रोफेसर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

अतिथि का मंच पर स्वागत डॉ. दीपेन्द्र सिंह, सहायक निदेशक द्वारा किया गया, जिन्होंने उन्हें विश्वविद्यालय के उद्देश्यों, गतिविधियों एवं शैक्षणिक पहल के बारे में अवगत कराया।

अपने व्याख्यान में प्रकाश सिंह ने भारत में रेलवे सुरक्षा के बदलते परिदृश्य, चुनौतियों एवं आधुनिक प्रवृत्तियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने तकनीकी सुदृढ़ीकरण, विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय तथा सक्रिय पुलिसिंग की आवश्यकता पर विशेष बल दिया।

व्याख्यान के उपरांत महानिदेशक ने विश्वविद्यालय की पहल की सराहना की तथा विद्यार्थियों के उत्साह एवं सहभागिता की प्रशंसा की। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति समर्पित होकर कठोर परिश्रम करें तथा भविष्य में एक सक्षम एवं प्रभावी सुरक्षा पेशेवर बनें। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा एवं पुलिसिंग के क्षेत्र में ज्ञान-विनिमय को और सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।