-विश्व एएमआर जागरूकता सप्ताह 2026 के अवसर पर केजीएमयू में जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन

सेहत टाइम्स
लखनऊ। किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू), लखनऊ के माइक्रोबायोलॉजी विभाग द्वारा विश्व एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस जागरूकता सप्ताह (WAAW) 2026 के अवसर पर 18 नवंबर को एक भव्य जागरूकता वॉकथॉन का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय की कुलपति, पद्मश्री प्रो. सोनिया नित्यानंद के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, विद्यार्थियों एवं आमजन को एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (एएमआर) के बढ़ते खतरे तथा एंटीबायोटिक दवाओं के विवेकपूर्ण उपयोग के प्रति जागरूक करना था।
विश्व एएमआर जागरूकता सप्ताह 18 से 24 नवंबर तक
विश्व एएमआर जागरूकता सप्ताह प्रतिवर्ष 18 से 24 नवंबर तक विश्व स्तर पर मनाया जाता है। इसका उद्देश्य एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसके नियंत्रण के लिए सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना है। एएमआर वह स्थिति है, जिसमें बैक्टीरिया, वायरस, फंगस एवं परजीवी जैसे सूक्ष्मजीवों पर उन्हें नियंत्रित करने वाली दवाओं का प्रभाव कम या समाप्त हो जाता है, जिससे सामान्य संक्रमणों का उपचार भी कठिन हो सकता है।
इस वर्ष की थीम “वन हेल्थ, वन एक्शन: प्रिवेंट एएमआर नाउ” (एक स्वास्थ्य, एक प्रयास : एएमआर की रोकथाम अभी करें) रखी गई है। यह थीम मानव, पशु, वनस्पति एवं पर्यावरण के स्वास्थ्य के बीच गहरे संबंध को रेखांकित करती है तथा एंटीमाइक्रोबियल दवाओं की प्रभावशीलता बनाए रखने के लिए सभी क्षेत्रों के समन्वित प्रयासों पर बल देती है।

वॉकथॉन का शुभारंभ विश्वविद्यालय की प्रति-कुलपति प्रो. अंजू अग्रवाल द्वारा प्रशासनिक भवन के समक्ष हरी झंडी दिखाकर किया गया। इस अवसर पर उप-अधिष्ठाता (शैक्षणिक) प्रो. विमला वेंकटेश, कार्यवाहक अधिष्ठाता, दंत चिकित्सा संकाय प्रो. नंदलाल, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. बी. के. ओझा, मुख्य कुलानुशासक प्रो. आर. ए. एस. कुशवाहा, नर्सिंग संकाय की अधिष्ठाता प्रो. अमिता पांडेय तथा श्वसन चिकित्सा विभागाध्यक्ष प्रो. सूर्यकांत त्रिपाठी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त प्रो. राज कुमार कल्याण, प्रो. प्रशांत गुप्ता, डॉ. शीतल वर्मा, डॉ. श्रुति राडेरा, डॉ. वसुधा एवं डॉ. सर्वोदय सहित विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों के अनेक वरिष्ठ संकाय सदस्य भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। इस जागरूकता अभियान में लगभग 400 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिनमें एमबीबीएस, बीडीएस, नर्सिंग एवं संबद्ध स्वास्थ्य विज्ञान के विद्यार्थी, शोधार्थी, स्वास्थ्यकर्मी तथा विश्वविद्यालय के अन्य कर्मचारी शामिल थे।
वॉकथॉन प्रशासनिक भवन से प्रारंभ होकर ओपीडी भवन तथा गांधी मेमोरियल एवं संबद्ध चिकित्सालय के विभिन्न परिसरों से गुजरते हुए कलाम सेंटर पर संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने हाथों में जागरूकता संबंधी पोस्टर एवं बैनर लेकर एंटीबायोटिक दवाओं के अनावश्यक उपयोग को रोकने, संक्रमण की रोकथाम तथा एएमआर के खतरे से बचाव के संदेश दिए। पूरे मार्ग में लगाए गए जागरूकता नारों ने मरीजों, तीमारदारों एवं राहगीरों का ध्यान आकर्षित किया और उन्हें एंटीबायोटिक दवाओं के सही उपयोग के प्रति जागरूक किया।
केवल चिकित्सकों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी
इस आयोजन के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि “एंटीबायोटिक दवाओं का विवेकपूर्ण उपयोग केवल चिकित्सकों की नहीं, बल्कि पूरे समाज की साझा जिम्मेदारी है।” एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य सेवाओं, पशुपालन, कृषि एवं पर्यावरण से जुड़े सभी क्षेत्रों का समन्वित प्रयास आवश्यक है।
इस पहल के माध्यम से किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय ने एंटीमाइक्रोबियल स्टूवर्डशिप, संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण तथा ‘वन हेल्थ’ दृष्टिकोण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि “आज एंटीबायोटिक बचाएंगे, तभी कल जीवन बचा पाएंगे।”

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times