Monday , November 16 2026

75 प्रतिशत बीमारियों को रोकना हमारे हाथ में : ब्रजेश पाठक

-उपमुख्यमंत्री ने किया चिकित्सकों से जागरूकता अभियान चलाने का आह्वान

-पद्मश्री प्रो राजेन्द्र प्रसाद के मेडिकल प्रोफेशन के 50 वर्षों से अनवरत जारी सफर का मनाया गया जश्न, चिकित्सा जगत की अनेक हस्तियां हुई शामिल

-नेशनल चेस्ट समिट 2026 में जुटे देशभर के विशेषज्ञ, चिकित्सा विज्ञान की नवीनतम जानकारियों को किया साझा

सेहत टाइम्स

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जिनके पास चिकित्सा शिक्षा व स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभागों के मंत्री का दायित्व भी है, ने कहा है कि हमारे पास सारी खोेज बीमारियों के उपचार के लिए है, लेकिन बीमारी न हों इस पर भी विशेष रूप से ध्यान देने की आवश्यकता है, क्योंकि विभागीय मंत्री के रूप में मेरा यह अनुभव रहा है कि 75 प्रतिशत बीमारियों को हम न्यौता देकर बुलाते हैं, उन्होंने कहा कि अनुवांशिक बीमारियां, एक्सीडेंट जैसी दिक्कतें तो रहेंगी ही, लेकिन इन 75 प्रतिशत बीमारियों को रोकने के लिए हम क्या करें, इसे समाज में लोगों के बीच फैलाने की जरूरत है, इससे हम एक बड़ी आबादी को बीमार होने से बचा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मैं चाहता हूं कि एक जागरूकता अभियान चलाते हुए हमारे शरीर के अनुकूल खानपान, जीवनशैली की सलाह आमजन तक पहुंचायी जाये। इसके लिए कॉन्फ्रेंस में भी एक सत्र मुख्य रूप से बीमारियों की रोकथाम के विषय पर रखा जाये।

ब्रजेश पाठक रविवार 15 नवम्बर को यहां होटल क्लार्क्स अवध में केजीएमयू सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों में उच्चस्तरीय पदों का दायित्व निभा चुके चिकित्सा शिक्षक, पल्मोनरी विशेषज्ञ पद्मश्री प्रो राजेन्द्र प्रसाद के चिकित्सा क्षेत्र में सेवा के 50 वर्ष पूर्व होने के उपलक्ष्य में आयोजित नेशनल चेस्ट समिट 2026 में मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने प्रो राजेन्द्र प्रसाद की लम्बी आयु की कामना कर उन्हें बधाई देते हुए कहा कि प्रो राजेन्द्र प्रसाद का सारा जीवन चिकित्सकों की एक बड़ी टीम तैयार करने में बीत गया है, उनके पढ़ाये हुए अनेक छात्र आज देशभर में विभिन्न पदों के दायित्व का निर्वहन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज भी प्रो राजेन्द्र प्रसाद के अंदर पढ़ाने की जिजीविषा है। अपने कॅरियर के इन 50 वर्षों में प्रो राजेन्द्र प्रसाद ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। अपनी 50 वर्ष की उपलब्धियों, पुरस्कारों, प्रशंसाओं के बीच अपने अब तक के साथ कार्यकाल की सफलता से अभिभूत प्रो राजेन्द्र प्रसाद ने विनम्रता के साथ सभी का आभार जताया।

प्रो वीके जैन को प्रथम प्रो राजेन्द्र प्रसाद चेस्ट एक्सीलेंस अवॉर्ड

नेशनल चेस्ट समिट 2026 का आयोजन चेस्ट केयर एंड रिसर्च सोसाइ‌टी ‌द्वारा, नेशनल एकेडमी ऑफ मेडिकल साइंसेज (इंडिया) के उत्तर प्रदेश राज्य चैप्टर, उत्तर प्रदेश ट्यूबरकुलोसिस एसोसिएशन, इंडियन कैंसर सोसाइटी (उत्तर प्रदेश शाखा) और एराज लखनऊ मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल, एरा यूनिवर्सिटी, लखनऊ के श्वसन चिकित्सा विभाग के संयुक्त सहयोग से किया गया। रिसर्च सोसाइटी द्वारा इसी वर्ष से श्वसन चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्टता एवं विशिष्ट योगदान के लिए प्रो राजेन्द्र प्रसाद चेस्ट एक्सीलेंस अवॉर्ड शुरू किया गया है, इसका पहला अवॉर्ड भी इस समारोह में प्रो. वी. के. जैन, पूर्व प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, श्वसन चिकित्सा विभाग, एस. पी. मेडिकल कॉलेज, बीकानेर को प्रदान किया गया। पद्मश्री डॉ दिगंबर बेहरा की अध्यक्षता में आयोजित इस समारोह का संचालन केजीएमयू के रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो सूर्यकान्त ने किया। आयोजन सचिव प्रो निखिल गुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

समारोह में केजीएमयू की पूर्व कुलपति पद्मश्री डॉ सरोज चूड़ामणि, आईआईटीआर के पूर्व निदेशक डॉ आलोक धावन, कानपुर मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डॉ एस के कटियार, अटल बिहारी वाजपेयी मेडिकल यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति प्रो संजीव मिश्रा सहित कई विभूतियों को सम्मानित किया गया। समारोह में प्रो एमके मित्रा, डॉ आरके ठुकराल, पद्मश्री डॉ अनिल रस्तोगी, प्रो एसके कुरील, प्रो अमिता जैन, प्रो वेद प्रकाश, प्रो मनोज गोविला सहित चिकित्सा जगत की अनेक हस्तियां उपस्थित रहीं। एक दिवसीय इस समिट में विभिन्न विषयों पर वैज्ञानिक सत्र आयोजित किये गये, जिनमें देश भर से आये विशेषज्ञों ने नवीनतम जानकारियों को साझा किया गया।

समारोह की आयोजन टीम में चेयरमैन प्रो राजेन्द्र प्रसाद के साथ ही डॉ निखिल गुप्ता, डॉ टीपी सिंह, डॉ आनन्द वर्मा, डॉ केबी गुप्ता, डॉ अमित श्रीवास्तव, डॉ ऋषभ कक्कड़, डॉ रचित शर्मा, डॉ असना खान और डॉ हर्षिता रानी शामिल थे।