Monday , October 26 2026

पंच दिवसीय कार्यक्रम में श्रीराम कथा की पावन सरिता बहायेंगे काशी के धर्मपीठाधीश्वर

-अनंत श्री विभूषित हैं कथावाचक जगद्बुरु शंकराचार्य स्वामी श्री नारायणानंद तीर्थ जी महाराज

-इन्दिरा नगर, लखनऊ में मोहम्मदपुर मजरा, सच्चिदानंद आश्रम में आयोजित की जा रही है श्रीराम कथा

-प्रथम दिवस 28 अक्टूबर को निकलेगी शोभा यात्रा, पंचम दिवस 1 नवम्बर को होगा भंडारा

सेहत टाइम्स

लखनऊ। श्री नारायण सेवा समिति के तत्वावधान में यहां इन्दिरा नगर विस्तार के मोहम्मदपुर मजरा में ऋषि विहार स्थित सच्चिदानंद आश्रम में आगामी बुधवार 28 अक्टूबर से रविवार 1 नवम्बर तक पंच दिवसीय श्रीराम कथा आाध्यात्मिक सत्संग आयोजित किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान में अनन्त श्री विभूषित काशीधर्मपीठाधीश्वर जगद्बुरु शंकराचार्य स्वामी श्री नारायणानंद तीर्थ जी महाराज भक्तों को श्रीराम कथा का रसपान करायेंगे।

कार्यक्रम के संयोजक एडवोकेट महेन्द्र नाथ पाण्डेय ने बताया कि कार्यक्रम के प्रथम दिवस 28 अक्टूबर को प्रातः 11:00 बजे विशाल शोभा यात्रा निकाली जाएगी, इसके अतिरिक्त प्रतिदिन होने वाले अनुष्ठान के अंतर्गत काशी के वैदिक विद्वानों द्वारा प्रातः 7:00 बजे से 10:00 तक दर्शन, पादुका पूजन, आरती एवं रुद्राभिषेक का कार्यक्रम निर्धारित किया गया है, जिसमें सभी भक्त भाग ले सकते हैं। इसके पश्चात प्रतिदिन शाम 3:00 बजे से 6:00 बजे तक स्वामीजी महाराज श्री राम कथा की पावन सरिता बहाएंगे। उन्होंने बताया कि कथा के अंतिम दिन 1 नवंबर को दोपहर 1:00 बजे से एक विशाल भंडारा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें सभी भक्तों से भाग लेने का अनुरोध है।

उन्होंने कहा कि पंचदिवससीय इस दिव्य और भव्य कार्यक्रम की सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। तैयारियों का अवलोकन करने श्री काशी धर्मपीठ रामेश्वरमठ से आनंद स्वरूप ब्रह्मचारी जी महाराज आ चुके हैं। उन्होंने क्षेत्रीय निवासियों एवं अन्य भक्तों के सहयोग से हो रहे इस पावन कार्य में अपना यथासंभव योगदान दे रहे सभी भक्तों के प्रति हृदय से आभार जताया।