-1090 चौराहे से डीजी परिवार कल्याण ने किया आगाज, महापौर के शिविर कार्यालय पर सम्पन्न हुई रैली

सेहत टाइम्स
लखनऊ। रोटरी क्लब ऑफ इलीट लखनऊ ने भारत में पोलियो की वापसी को रोकने की जागरूकता के लिए साइकिल रैली कार्यक्रम का आयोजन किया, गोमती नगर 1090 चौराहा से प्रारम्भ हुई इस रैली का समापन कैसरबाग स्थित महापौर शिविर कार्यालय पर हुआ। प्रात: 7 बजे परिवार कल्याण उत्तर प्रदेश की महानिदेशक डॉ रंजना खरे ने रैली को रवाना किया, जबकि लखख्नऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल ने अपने शिविर कार्यालय स्थल पर रैली के समापन कार्यक्रम में सक्रियता के साथ भाग लेते हुए टीकाकरण के महत्व को रेखांकित किया। रैली में पांच महिला साइक्लिस्ट सहित 16 से 75 वर्ष तक आयु वाले कुल 44 साइक्लिस्ट ने उत्साह पूर्वक प्रतिभाग लिया।

रैली संयोजक, राष्ट्रीय समिति सदस्य (उ. प्र.)/मण्डल पोलियो सभापति -रो. अजय सक्सेना ने इस अवसर पर भारत विशेषकर उत्तर प्रदेश में पोलियो टीकाकरण का महत्व बताते हुए कहा कि यद्यपि भारत को 2014 में ही आधिकारिक रूप से पोलियो-मुक्त (Polio-Free) घोषित किया जा चुका है, लेकिन चूंकि पड़ोसी देश पाकिस्तान और अफगानिस्तान में पोलियो केस मिलते रहने से इसके खतरे की आंच भारत पर न आये इसके लिए लोगों के बीच पोलियो वैक्सीन के प्रति जागरूकता का संदेश जाना बहुत जरूरी है।
रो अजय सक्सेना ने बताया कि रोटरी इंडिया नेशनल पोलियो प्लस कमेटी पोलियो उन्मूलन के बावजूद आज भी देश में पोलियो के दोबारा प्रवेश को रोकने के लिए कमेटी भारत सरकार, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और यूनिसेफ (UNICEF) के साथ मिलकर देश से पोलियो उन्मूलन (Polio Eradication) और नियमित टीकाकरण अभियानों को जमीनी स्तर पर लागू करने का काम कर रही है। कमेटी निरंतर निगरानी और बूस्टर अभियानों में भी सहायता कर रही है।

पाकिस्तान व बांगलादेश में इस साल 48 नये मामले
उन्होंने बताया कि प्रत्येक सप्ताह जारी होने वाली रिपोर्ट के अनुसार इस वर्ष 2026 में अब तक पाकिस्तान में छह और अफगानिस्तान में 42 नये पोलियो के केस मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि चूंकि विशेषकर उत्तर प्रदेश से अनेक परिवारों के सदस्यों का पाकिस्तान में बसे अपने परिवार के अन्य सदस्यों के पास आना-जाना लगा रहता है, ऐसे में भारत में पोलियो का खतरा मंडराता रहता है। उन्होंने बताया कि आज के कार्यक्रम में राज्य टीकाकरण अधिकारी डॉ अजय गुप्ता, यूनिसेफ के डॉ प्रफुल्ल भारद्वाज, सीएमओ लखनऊ डॉ एन. बी. सिंह, एसीएमओ लखनऊ डॉ बैजनाथ यादव ने भी भाग लिया। रो अजय सक्सेना ने रैली प्रस्थान के मौके पर डॉ रंजना खरे को तथा रैली समापन स्थल पर महापौर को “रोटरी स्मृति चिन्ह “प्रदान कर कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आभार जताया। रैली में सभी प्रतिभागियों को “Rotary टी शर्ट ” उपहार स्वरुप एवं समापन पर रोटरी द्वारा तैयार “स्नैक्स गिफ्ट हैंपर” महापौर के हाथों प्रदान करवाया गया।
‘चवन्नी’ अब भी है
महापौर सुषमा खर्कवाल ने टीकाकरण के महत्व को अपने बचपन से जोड़ते हुए कहा कि यह बहुत ही आवश्यक है, उन्होंने कहा कि बचपन में लगे टीके का चवन्नी जैसा निशान आज भी मौजूद है। उन्होंने कहा कि जैसा कि आप सभी देख रहे हैं कि भारत बहुत तरक्की कर रहा है, इसी क्रम में लखनऊ को भी संवारने के कार्य में हम लोग लगे हैं, जिसमें जनता का सहयोग बहुत महत्वपूर्ण है।

एचपीवी वैक्सीन पर भी मांगा सहयोग
रो अजय सक्सेना के साथ ही रोटरी क्लब इलीट के अध्यक्ष सुमित तिवारी ने महापौर को क्लब द्वारा किये जा रहे कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाने के लिए 14 वर्ष तक की बच्चियों को एचपीवी वैक्सीन लगाने का कार्य भी क्लब द्वारा किया जा रहा है, उन्होंने महापौर से नगर निगम द्वारा संचालित विद्यालयों में छात्राओं को एचपीवी टीकाकरण कराने का प्रस्ताव रखते हुए इसकी अनुमति मांगी, इस पर महापौर ने कहा कि एक औपचारिक पत्र दे दीजियेगा हम बच्चियों के अभिभावकों से इस पर सहमति लेकर आपको आगे के कार्यक्रम के लिए सूचित करेंगे। कार्यक्रम में आयोजक रोटरी क्लब ऑफ इलीट लखनऊ के पदाधिकारियों ने पूरी सक्रियता दिखाते हुए अपना जज्बा दिखाया, इन पदाधिकारियों में रो. पंकज अग्रवाल, रो.लबीर सिंह विष्ठ, रो. डॉ गिरीश गुप्ता विशेष रूप से शामिल रहे। इस कार्यक्रम में सहयोग के लिए क्लब के पदाधिकारियों द्वारा जिला प्रशासन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय एवं विशेष रूप से पुलिस/ट्रैफिक पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया गया। ग्रुप फोटो, अल्पाहार वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times