Monday , September 21 2026

आर्थिक अभाव नहीं रहा बाधा, बलरामपुर अस्पताल ने की कूल्हे की सर्जरी

-सात वर्षों से चलने-फिरने में कठिनाई झेल रहे मरीज को मिली बड़ी राहत

सेहत टाइम्स

लखनऊ। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण एवं आयुष्मान कार्ड ना होने के चलते दोनों कूल्हों की गंभीर बीमारी से पिछले लगभग 7 महीने से चलने-फिरने में कठिनाई झेल रहे मरीज को बलरामपुर अस्पताल में शल्य क्रिया के बाद राहत मिली है। शल्यक्रिया के पश्चात मरीज की स्थिति स्थिर है तथा वह चिकित्सकीय निगरानी में स्वास्थ्य लाभ कर रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार मोहम्मद इमरान, पुत्र मोहम्मद हारून, निवासी- राजेंद्र नगर लखनऊ दोनों कूल्हों के अवस्कुलर नेक्रोसिस (Avascular Necrosis) से पीड़ित थे। बीमारी के कारण उन्हें चलने-फिरने में अत्यधिक कठिनाई होती थी तथा उनकी दैनिक जीवन की गतिविधियाँ भी प्रभावित थीं। उन्होंने उपचार के लिए कई अस्पतालों में चिकित्सकीय परामर्श लिया, जहाँ उन्हें कूल्हे के जोड़ के प्रत्यारोपण (Total Hip Replacement) की सलाह दी गई। किंतु आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण एवं आयुष्मान कार्ड ना होने के कारण से वे अपना उपचार नहीं करा सके और महीनों तक बीमारी की पीड़ा सहते रहे।

लगातार बीमारी और बढ़ती हुई चलने की कठिनाई के बाद मरीज ने बलरामपुर चिकित्सालय, लखनऊ के निदेशक एवं मुख्य चिकित्सा अधीक्षक से संपर्क किया। निदेशक के मार्गदर्शन एवं चिकित्सकीय टीम के सहयोग से मरीज को बीती 9 सितंबर को चिकित्सालय में भर्ती किया गया। आवश्यक चिकित्सकीय जाँच एवं शल्यक्रिया से पूर्व की सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण करने के पश्चात मरीज की स्थिति का विस्तृत चिकित्सकीय मूल्यांकन किया गया। आज 21 सितम्बर को मरीज की सर्जरी की गयी। सर्जरी में डॉ. अजय कुमार यादव (मुख्य सर्जन), डॉ. सुरेश चंद्र कौशल( मुख्य एनेस्थेटिस्ट) डॉ. देशराज( एनेस्थेसिटस), डॉ. सचिन यादव ( सीनियर रेजिडेंट) डॉ. अंकित लक्षकार (जूनियर रेजिडेंट), दीपक दुबे( ओटी तकनीशियन) एवं टीम शामिल रही।