-नयी दिल्ली में आयोजित सम्मेलन में महापौर डॉ मंगलेश कुमार श्रीवास्तव ने ग्रहण किया सम्मान

सेहत टाइम्स
लखनऊ/नयी दिल्ली। जीईईएफ (ग्लोबल एनर्जी एंड एनवायरनमेंट फाउंडेशन) के ग्लोबल वाटरटेक समिट एंड अवार्ड्स 2026 के लिए आयोजित सम्मेलन में शहरी जल प्रबंधन और तकनीकी नवाचार के लिए गोरखपुर नगर निगम को ‘ग्लोबल वाटर टेक अवार्ड 2026’ : इंटीग्रेटेड अर्बन वाटर मैनेजमेंट प्रोजेक्ट ऑफ दि ईयर 2026 प्रदान किया गया है। यह पुरस्कार आज 21 अगस्त को नई दिल्ली में आयोजित समारोह में गोरखपुर के महापौर डॉ मंगलेश कुमार श्रीवास्तव ने ग्रहण किया।
जलापूर्ति, जलनिकासी, सीवेज उपचार और वर्षा जल संचय पर एकसाथ कार्य
ज्ञात हो एकीकृत शहरी जल प्रबंधन परियोजना (Integrated Urban Water Management Project) एक ऐसी समग्र प्रणाली है, जिसके तहत शहरों में पेयजल की आपूर्ति, गंदे पानी की निकासी, सीवेज उपचार और वर्षा जल का एक साथ मिलकर प्रबंधन किया जाता है, ताकि भविष्य की जल सुरक्षा और स्थिरता सुनिश्चित हो सके।
पुरस्कार पाने के बाद अपनी प्रतिक्रिया में डॉ मंगलेश ने कहा कि यह सम्मान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में गोरखपुर को आधुनिक, स्वच्छ एवं जल-सुरक्षित शहर बनाने की दिशा में किए जा रहे हमारे सामूहिक प्रयासों की राष्ट्रीय पहचान है। उन्होंने इसके लिए बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि नगर निगम की पूरी टीम और सभी गोरखपुरवासियों को समर्पित है।
जलभराव की औसत अवधि 12 घंटे से घटकर 1.5 घंटे रह गई
सम्मेलन में डॉ मंगलेश ने बताया कि गोरखपुर नगर निगम क्षेत्र में शहरी बाढ़ प्रबंधन के लिए स्थापित अर्बन फ्लड मैनेजमेंट सेल (यूएफएमसी) के तहत 110 ऑटोमेटिक वाटर लेवल सेंसर, वर्षा पूर्वानुमान प्रणाली, ड्रेनेज नेटवर्क, रियल टाइम मॉनिटरिंग और स्वचालित पंपिंग जैसी व्यवस्थाओं को एकीकृत किया गया है। इन व्यवस्थाओं के चलते साल 2025 के मानसून में जलभराव की औसत अवधि 12 घंटे से घटकर 1.5 घंटे से भी कम रह गई। इसके अलावा वेटलैंड, रॉक फिल्टर और स्थानीय वनस्पतियों के जरिए अपशिष्ट जल उपचार और नैनोबबल व अल्ट्रासाउंड तकनीक का प्रयोग कर जल का संरक्षण एवं संवर्धन किया गया।
उन्होंने दावा किया कि जल संरक्षण के क्षेत्र में 4,000 से अधिक रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाए गए हैं। 100 से अधिक तालाबों और जल निकायों के पुनर्जीवन के साथ रिचार्ज पिट और बोरवेल रिचार्ज को भी बढ़ावा दिया गया है। वहीं, सफाई मित्र कनेक्ट और नमस्ते कार्यक्रम के तहत 4,600 से अधिक स्वच्छता कर्मियों को डिजिटल प्रणाली से जोड़ा गया है। समारोह में महापौर के साथ ही आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव और सहायक नगर आयुक्त अविनाश प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times