Saturday , August 15 2026

केजीएमयू के न्यूरो सर्जरी विभाग को इंस्टीट्यूशनल नेशनल अवार्ड

-ट्रॉमा सेंटर की सुविधाओं को देखते हुए न्यूरोट्राॅमा सोसाइटी ऑफ इंडिया ने किया सम्मानित

सेहत टाइम्स

लखनऊ। केजीएमयू के न्यूरो सर्जरी विभाग की ट्रॉमा सेंटर में प्रदान की जाने वाली सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए न्यूरोट्राॅमा सोसाइटी ऑफ इंडिया ने हैदराबाद में हुई अपनी वार्षिक मीटिंग में वर्ष 2026 का इंस्टीट्यूशनल नेशनल अवार्ड प्रदान किया है।

केजीएमयू के प्रवक्ता डॉ केके सिंह द्वारा जारी विज्ञप्ति में यह जानकारी देते हुए बताया गया है कि देश भर के 7 विभिन्न मेडिकल सेंटर्स ने इस इंस्टीट्यूशनल अवार्ड के लिए अप्लाई किया था जिसके हेतु अवार्ड की चयन समिति ने सभी मेडिकल सेंटर के रिप्रेजेंटेटिव से साक्षात्कार किया और प्रेजेंटेशन लिया।

इस अवार्ड ने न्यूरो सर्जरी विभाग और केजीएमयू को नेशनल लेवल पर मान्यता दिलाई है। न्यूरो सर्जरी विभाग में ट्रामा सेंटर में कुल 55 बिस्तरों का वार्ड है, दो ऑपरेशन थिएटर है और न्यूरो इंटेंसिव केयर यूनिट के भी बेड्स है। साथ में ट्रॉमा सेंटर की अन्य सुविधाएं जैसे क्रिटिकल केयर मेडिसिन और ट्रॉमा वेंटीलेटर यूनिट में उपलब्ध आईसीयू की सुविधा भी न्यूरो सर्जरी के मरीजों को उपलब्ध है। ऐसे रिकॉग्निशन को प्राप्त करने में पूरी न्यूरोट्राॅमा टीम जिसमें सभी फैकल्टी मेंबर्स, रेजिडेंट्स, नर्सिंग ऑफिसर्स, टेक्नीशियन और न्यूरोसर्जरी के अन्य सपोर्ट स्टाफ का बहुत ही ज्यादा रोल है।

न्यूरोट्राॅमा सुविधाओं को उचित बनाने में न्यूरो सर्जरी विभाग को एनेस्थीसिया विभाग, रेडियोलोजी विभाग, एमरजैंसी केयर विभाग एवं अन्य विभागों से सहयोग प्राप्त होता रहता है। विभाग के सभी फैकल्टी सदस्य न्यूरोट्राॅमा सुविधाओं को, उससे संबंधित एकेडमिक ट्रेनिंग को और एविडेंस बेस्ड ट्रीटमेंट प्रोटोकोल को अपनाने के लिए सदैव प्रयत्नशील रहते हैं। यह अवार्ड न्यूरोट्राॅमा केयर को उच्चीकृत करने में सम्मिलित सभी डॉक्टरों,नसों, एनेस्थीसिया टीम के सदस्यों, टेक्नीशियन और अन्य सपोर्ट स्टाफ की निरंतर मेहनत का परिणाम है। केजीएमयू की कुलपति डा सोनिया नित्यानंद ने इस उत्कृष्ट अवार्ड पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए सभी को शुभकामनाएं दी हैं ।