-‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अजंता हॉस्पिटल परिसर में रोपे गये 11 पौधे

सेहत टाइम्स
लखनऊ। पर्यावरण संरक्षण और मातृ सम्मान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अजंता आईवीएफ हॉस्पिटल, आलमबाग, लखनऊ में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर श्री सुखमनी सेवा सोसायटी के अध्यक्ष कृपाल सिंह ऐबट ने 11 पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कृपाल सिंह ऐबट ने कहा कि ‘पेड़-पौधे जीवनरेखा हैं। ये केवल हमें शुद्ध ऑक्सीजन देकर स्वस्थ जीवन ही प्रदान नहीं करते, बल्कि अपनी छाया से हमें उसी प्रकार संरक्षण देते हैं, जैसे एक मां अपने बच्चों को स्नेह, सुरक्षा और ममता की छाया देती है।’ उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी मां के नाम कम-से-कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों के बीच पौधारोपण केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि मानव जीवन के अस्तित्व से जुड़ा अभियान है। यदि प्रत्येक नागरिक एक पौधे का संरक्षण करने का संकल्प ले, तो हरित और स्वच्छ भारत का सपना साकार हो सकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने भी पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की सामूहिक शपथ के साथ हुआ। वक्ताओं ने कहा कि मां के सम्मान और प्रकृति के संरक्षण का यह अभियान समाज में हरियाली, स्वच्छ वातावरण और भावनात्मक जुड़ाव का सशक्त संदेश देता है। ‘एक पेड़ मां के नाम’ केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य का संकल्प है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times