-आरएसएम संयुक्त चिकित्सालय में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत किया गया वृहद वृक्षारोपण

सेहत टाइम्स
लखनऊ। राम सागर मिश्र संयुक्त चिकित्सालय, साढ़ामऊ, सीतापुर रोड, लखनऊ में आज 12 जुलाई को “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
सीएमएस डॉ वीके शर्मा ने यह जानकारी देते हुए बताया कि मुख्य अतिथि रवि रंजन, विशेष सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, उत्तर प्रदेश ने चिकित्सालय परिसर में पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ करते हुए पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण के लिए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का संदेश दिया। विशिष्ट अतिथि डॉ. राकेश शर्मा, निदेशक, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, उत्तर प्रदेश ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और अधिक से अधिक पौधे लगाकर उनका संरक्षण करना समय की आवश्यकता है।
प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी
चिकित्सालय के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वी. के. शर्मा ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रकृति, मातृत्व और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनके संरक्षण का संकल्प लेने का आह्वान किया।
इस अवसर पर चिकित्सालय के चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण किया तथा पर्यावरण संरक्षण की शपथ ली। कार्यक्रम का उद्देश्य “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को जन-जन तक पहुँचाना तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सभी की सहभागिता सुनिश्चित करना रहा। डॉ. वी. के. शर्मा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा लगाए गए पौधों के संरक्षण का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर डॉ सुशील प्रकाश, पूर्व निदेशक बलरामपुर हॉस्पिटल, वरिष्ठ चिकित्सक डॉ कामेश गौतम, डॉ अशोक, डॉ पूजा, डॉ मिथिलेश, डॉ पुष्पेंद्र लता, डॉ रियाज, अरविन्द श्रीवास्तव, आलोक, महेश दिलीप व अन्य कर्मचारी उपस्थित थे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times