-अपर मुख्य सचिव को पत्रावली प्रस्तुत करने के दिये निर्देश
-डीपीआरए के प्रतिनिधिमंडल ने ब्रजेश पाठक को सौंपा मांग पत्र

सेहत टाइम्स
लखनऊ। ’सम्बद्ध-राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद, उ०प्र० (बी.एन.एस.)’ के अंतर्गत ‘डिप्लोमा फार्मासिस्ट राजपत्रित अधिकारी एसोसिएशन’ के प्रदेश महामंत्री के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने आज 29 जून को प्रदेश के उपमुख्यमंत्री (मंत्री चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा) ब्रजेश पाठक से भेंट की। इस मुलाक़ात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश के स्वास्थ्य ढांचे की रीढ़ माने जाने वाले फार्मासिस्टों की लंबे समय से लंबित न्यायसंगत मांगों के संबंध में एक महत्वपूर्ण मांग पत्र (ज्ञापन) सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में प्रद्युम्न सिंह (महामंत्री), राजीव कुमार (प्रदेश प्रवक्ता एवं जिला अध्यक्ष, लखनऊ), श्रवण चौधरी (प्रदेश कोषाध्यक्ष), अजय कश्यप (जिला मंत्री, लखनऊ) शामिल रहे। सौपे गए पत्र के माध्यम से एसोसिएशन ने उपमुख्यमंत्री का ध्यान भारत सरकार द्वारा जारी हालिया राजपत्र की ओर आकर्षित किया। उनसे मांग की गयी कि भारत सरकार के राजपत्र दिनांक 10.06.2026 के अनुपालन में, उत्तर प्रदेश के फार्मासिस्ट संवर्ग के पद धारकों का भी पदनाम एवं वेतनमान तत्काल संशोधित किया जाए।
टाई-अप नियम के तहत तत्काल लागू करने का अनुरोध: पदाधिकारियों ने ध्यान दिलाया कि भारत सरकार द्वारा जो भी आदेश, पदनाम परिवर्तन या वेतन वृद्धि की जाती है, वह उत्तर प्रदेश सरकार के साथ पूर्व से स्वीकृत टाई-अप (सामंजस्य) के तहत राज्य में भी स्वतः लागू की जाती है। अतः इसे उत्तर प्रदेश में भी अविलंब लागू किया जाए।
फार्मासिस्टों की इस मांग पर उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मौके पर ही अपर मुख्य सचिव (ACS) अमित घोष को निर्देशित करते हुए लिखा कि ‘पत्रावली पर तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करें। प्रतिनिधिमंडल ने इस पर संतोष जताया है।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times