-कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान ने सीएचसी टूड़ियागंज में आयोजित किया स्तन कैंसर जांच एवं कैंसर जागरूकता कार्यक्रम

सेहत टाइम्स
लखनऊ। कल्याण सिंह सुपर स्पेशियलिटी कैंसर संस्थान KSSSCI, लखनऊ के पब्लिक हेल्थ विभाग द्वारा 15 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, टुडियागंज, लखनऊ में स्तन कैंसर जांच एवं कैंसर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में सीएचसी टुडियागंज CHC Turiyaganj की अधीक्षक डॉ. गीतांजलि सिंह, पब्लिक हेल्थ विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आयुष लोहिया, नर्सिंग ऑफिसर श्वेता एवं पूजा पाल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मियों ने सक्रिय सहभागिता की।
ये हैं संभावित लक्षण
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं एवं आमजन को स्तन कैंसर breast cancer के प्रमुख जोखिम कारकों, शुरुआती लक्षणों एवं समय पर जांच के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। बताया गया कि स्तन या बगल में गांठ होना, स्तन के आकार या आकृति में बदलाव, निप्पल से असामान्य स्राव या रक्तस्राव, स्तन की त्वचा में सिकुड़न, लालिमा अथवा निप्पल का अंदर धंसना स्तन कैंसर के संभावित लक्षण हो सकते हैं।
इस अवसर पर डॉ. आयुष लोहिया ने कहा कि समय पर पहचान और सही जानकारी से स्तन कैंसर के उपचार के परिणामों में काफी सुधार संभव है। कार्यक्रम में नर्सिंग ऑफिसर पूजा पाल एवं श्वेता ने प्रतिभागियों की स्क्रीनिंग की तथा महिलाओं को आगे बढ़कर स्तन कैंसर जांच कराने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं समाज में स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना, भ्रांतियों को दूर करना तथा समय पर जांच एवं उचित उपचार के लिए प्रेरित करना था।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times