Thursday , April 2 2026

त्रिपुरा के पूर्व उप मुख्‍यमंत्री ने किया डॉ गिरीश गुप्‍ता का सम्‍मान

-मोदी सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों की दी जानकारी

-अभियान के तहत डॉ नीरज बोरा ने भी किया डॉ गिरीश को सम्‍मानित

 

सेहत टाइम्‍स 

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के प्रतिष्ठित होम्‍योपैथिक चिकित्‍सक और विभिन्‍न संस्‍थाओं से जुड़े समाजसेवी डॉ गिरीश गुप्‍ता के जानकीपुरम स्थित आवास पर त्रिपुरा के पूर्व उप मुख्यमंत्री जिष्णु देव वर्मा ने डॉ गुप्‍ता का सम्‍मान किया। इससे पूर्व 19 जून को लखनऊ उत्‍तर क्षेत्र के भाजपा विधायक डॉ नीरज बोरा ने भी डॉ गुप्‍ता की अलीगंज स्थित गौरांग क्‍लीनिक एंड सेंटर फॉर होम्‍योपैथिक रिसर्च पर पहुंचकर डॉ गुप्‍ता का सम्‍मान किया था।

आपको बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में, सरकार की उपलब्धियों की जानकारी देने के निमित्त भाजपा संगठन की ओर से समाज के प्रतिष्ठित लोगों का सम्‍मान कर सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का अभियान चलाया जा रहा है।

अपनी मुलाकात के दौरान जिष्‍णु देव ने मोदी सरकार के 9 वर्षों के कार्यकाल की उपलब्धियों के बारे में डॉ गुप्‍ता को साहित्‍य देते हुए जानकारी दी। भाजपा के मंडलीय अध्‍यक्ष राकेश पाण्‍डेय द्वारा डॉ गिरीश गुप्‍ता के होम्‍योपैथिक क्षेत्र में किये गये शोधों के बारे में जानकारी मिलने पर इसे होम्‍योपैथिक क्षेत्र में यूनीक रिसर्च वर्क बताते हुए सराहना की।

ज्ञात हो डॉ गिरीश गुप्‍ता नव वर्ष चेतना समिति के संस्‍थापक अध्‍यक्ष हैं, इस मौके पर डॉ गुप्‍ता, नव वर्ष चेतना समिति की मुख्‍य संरक्षक डॉ रेखा त्रिपाठी और सचिव डॉ सुनील अग्रवाल ने जिष्‍णु देव को समिति के कार्यों और उद्देश्‍य के बारे में जानकारी दी तथा नवचैतन्‍य पत्रिका, सम्राट विक्रमादित्‍य पर लिखी गयी पुस्‍तक और सम्राट विक्रमादित्‍य पर जारी डाक‍ टिकट भेंट किया। जिष्‍णु देव समिति के किये जा रहे कार्यों से प्रभावित हुए, उन्‍होंने कहा कि सम्राट विक्रमादित्‍य सम्‍बन्‍धी इस साहित्‍य को अपने राज्‍य त्रिपुरा के विश्‍वविद्यालय के कुलपति को देंगे और विक्रमादित्‍य पर आधारित इस दुर्लभ इतिहास के प्रचार-प्रसार की सलाह देंगे। इस मौके पर भारत विकास परिषद के मदन अग्रवाल सहित अनेक लोग उपस्थित थे।