Wednesday , July 1 2026

…जब रो पड़े थे कल्‍याण सिंह : देखें वीडियो

यूपी में तीन दिन का राजकीय शोक, 23 अगस्‍त को अवकाश घोषित

-मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने निधन को बताया अपूरणीय क्षति

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। पूर्व राज्‍यपाल व उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री कल्‍याण सिंह के निधन पर उत्‍तर प्रदेश में तीन दिन का राजकीय शोक घोषित किया गया है। 23 अगस्‍त को पूरे प्रदेश में अवकाश रहेगा। मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने कल्‍याण सिंह के निधन पर गहरा शोक व्‍यक्‍त करते हुए कहा है कि हम सब के लिए दुखद समाचार है, कल्याण सिंह हमारे बीच नही रहे, विगत दो माह से वे अस्वस्थ थे, उपचार चल रहा था, आज करीब सवा 9 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। उन्‍होंने कहा कि कल्याण सिंह का जाना न सिर्फ समाज के लिए बल्कि भारतीय जनता पार्टी के लिए भी एक अपूरणीय क्षति है।

योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि कल्‍याण सिंह ने अपने शासनकाल के दौरान जो निर्णय लिए वो आज भी मानक बने हैं।

अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के आंदोलन के लिए यदि सत्ता छोड़नी पड़ी तो उन्होंने तत्काल पद से इस्तीफा दिया। उन्‍होंने कहा कि सुबह हमारी कैबिनेट की बैठक होगी, शोक प्रस्ताव पारित होगा, और प्रदेश में अगले 3 दिन तक राजकीय शोक होगा।

उनका अंतिम संस्कार नरौरा गंगा घाट पर होगा, कल उनके पार्थिव शरीर को अलीगढ़ ले जाया जाएगा…परसों उनकी कर्मभूमि अतरौली में जनता दर्शन के लिए रखा जाएगा, इसके बाद नरौरा गंगा घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। उन्‍होंने कहा है कि हर व्यक्ति हर पार्टी कार्यकर्ता को संबल प्राप्त हो…उन्होंने जो सपना देखा था….हम उसे पूरा करेंगे।

…जब रो पड़े थे कल्‍याण सिंह : देखें वीडियो