Thursday , May 9 2024

मुलायम सिंह यादव को एसजीपीजीआई में भर्ती कराया गया

अस्‍पताल प्रशासन का कहना रूटीन चेकअप के लिए किया गया है भर्ती

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संरक्षक तथा सपा-बसपा-लोकदल गठबंधन के मैनपुरी से प्रत्याशी मुलायम सिंह यादव की तबीयत खराब होने के चलते आज शुक्रवार को दिन में संजय गांधी पीजीआई में भर्ती कराया गया है। मुख्‍य चिकित्‍सा अधीक्षक डॉ अमित अग्रवाल का कहना है कि उन्‍हें रूटीन चेकअप के लिए भर्ती कराया गया है। उनकी तबीयत ठीक है।

 

खबर है कि एसजीपीजीआई में उनकी कई प्रकार की जांचें की जा रही है। आपको बता दें कि मुलायम सिंह यादव ने लोकसभा चुनाव 2019 में मैनपुरी से गठबंधन प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया है। वहां पर 23 अप्रैल को मतदान था। मुलायम सिंह यादव 23 अप्रैल को इटावा के सैफई में मतदान करने गए थे। इटावा का सैफई मैनपुरी की जसवंतनगर विधानसभा क्षेत्र में आता है।

 

आपको बता दें कि 19 अप्रैल को मैनपुरी में मुलायम सिंह यादव के समर्थन में गठबंधन की चुनावी सभा आयोजित की गई थी। यह सभा तब ऐतिहासिक बन गयी थी जब 24 साल बाद मुलायम सिंह यादव के साथ बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती एक मंच पर दिखी थीं। इन दोनों के साथ समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव तथा राष्ट्रीय लोकदल के प्रमुख अजित सिंह भी थे।  मैनपुरी में मुलायम सिंह यादव अस्वस्थ होने के कारण अधिक देर तक जनसभा को संबोधित नहीं कर सके थे।