-सैफई और आसपास के लोगों को प्रशामक देखभाल के लिए अब दिल्ली या लखनऊ जाना मजबूरी नहीं

सेहत टाइम्स
लखनऊ/सैफई। उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय (यूपीयूएमएस) सैफई, इटावा में 11 अगस्त को अत्याधुनिक 6-बेड पैलिएटिव मेडिसिन यूनिट का लोकार्पण किया गया। इसका लोकार्पण संस्थान के कुलपति प्रो अजय सिंह ने किया। इस सुविधा के प्रारम्भ होने से सैफई और आसपास के लोगों को पैलिएटिव केयर के लिए दिल्ली या लखनऊ जाना मजबूरी नहीं होगी।
ज्ञात हो प्रशामक देखभाल (पैलिएटिव केयर) गंभीर या जानलेवा बीमारी से पीड़ित मरीजों को दी जाने वाली विशेष चिकित्सा है। इसका मुख्य उद्देश्य रोगी और उसके परिवार के जीवन की गुणवत्ता सुधारना और बीमारी के दर्द, तनाव व अन्य लक्षणों से राहत देना है। यह इलाज के साथ किसी भी चरण में दी जा सकती है।
दर्द से राहत, गरिमापूर्ण उपचार
यूनिट के लोकार्पण के बारे में जानकारी देते हुए संस्थान की ओर से बताया गया है कि यह यूनिट कुलपति प्रो. (डॉ.) अजय सिंह की दूरदर्शी सोच एवं मार्गदर्शन में परिकल्पित एवं विकसित की गई है। उनका विज़न है कि पैलिएटिव केयर की गुणवत्तापूर्ण सेवाएँ ग्रामीण एवं दूर-दराज़ क्षेत्रों सहित प्रत्येक ज़रूरतमंद मरीज तक पहुँचें, जिससे गंभीर एवं असाध्य रोगों से पीड़ित रोगियों को समय पर दर्द से राहत, गरिमापूर्ण उपचार तथा बेहतर जीवन गुणवत्ता प्राप्त हो सके। इन सुविधाओं से रोगियों को कम आक्रामक उपचार, शीघ्र दर्द से राहत तथा बेहतर जीवन गुणवत्ता प्राप्त होगी।
अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड व फ्लोरोस्कोपी
इस अवसर पर चिकित्सा अधीक्षक एवं पैलिएटिव मेडिसिन यूनिट के अध्यक्ष डॉ. अमित सिंह ने कहा कि इस यूनिट की सबसे बड़ी विशेषता अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड एवं (C-Arm) फ्लोरोस्कोपी आधारित सुविधाएँ हैं।
नोडल अधिकारी डॉ. हिमांशु प्रिंस ने बताया कि यूनिट में अल्ट्रासाउंड के माध्यम से छाती में पानी भरना, पेट में पानी भरना जैसी स्थितियों का सुरक्षित उपचार, तथा फ्लोरोस्कोपी की सहायता से कैंसर दर्द के लिए दर्द निवारण प्रक्रियाएँ उपलब्ध रहेंगी।
कार्यक्रम में प्रति कुलपति डॉ. रमाकांत यादव, कुलसचिव दीपक वर्मा, संकायाध्यक्ष चिकित्सा डॉ. आदेश कुमार, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.पी. सिंह सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, चिकित्सक एवं संकाय सदस्य उपस्थित रहे।

Sehat Times | सेहत टाइम्स Health news and updates | Sehat Times