Wednesday , August 12 2026

मरीज़ को लगना चाहिए कि वे सही जगह आए हैं और स्वस्थ होकर लौटेंगे

-जारी है बलरामपुर अस्पताल के नये निदेशक का गहन निरीक्षण अभियान

-मरीजों के इलाज का रिकॉर्ड हो या फायर उपकरणों का रखरखाव, स्वयं परखकर देखा

सेहत टाइम्स

​लखनऊ। ​बलरामपुर चिकित्सालय में स्वास्थ्य सेवाओं और सुरक्षा मानकों को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक डॉ. बी. के. एस. चौहान ने अस्पताल का विस्तृत और सघन निरीक्षण किया। सुबह के समय चले करीब दो से तीन घंटे के इस गहन राउंड के दौरान उन्होंने अस्पताल के एक-एक कोने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

यह जानकारी देते हुए अस्पताल की ओर से बताया गया कि ​निरीक्षण के दौरान डॉ. चौहान का विशेष ध्यान आपातकालीन सुरक्षा और मरीज प्रबंधन पर रहा। अस्पताल परिसर में स्थापित फायर हाइड्रेंट्स और अग्निशमन उपकरणों को स्वयं खुलवाकर और चालू करवाकर पानी के दबाव की जांच कराई गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही, वार्डों में जाकर उन्होंने एक-एक मरीज के इलाज के विवरण को देखा—मरीजों के भर्ती होने का समय, डॉक्टर द्वारा जांच की स्थिति और वार्ड ट्रांसफर की प्रक्रिया की बारीकी से समीक्षा की।

अस्पताल की नस-नस की है जानकारी

बताया गया है कि डॉ. बी. के. एस. चौहान का बलरामपुर चिकित्सालय से गहरा जुड़ाव रहा है। उन्होंने वर्ष 1987 में इसी चिकित्सालय से अपनी इंटर्नशिप पूरी की थी, जिसके बाद लगभग तीन वर्षों तक आपातकालीन चिकित्सा अधिकारी (EMO) के रूप में सेवाएं दीं। इसके उपरांत वर्ष 2012 से 2018 तक वे यहां चिकित्सा अधीक्षक पद पर भी कार्यरत रहे। अस्पताल की भौगोलिक स्थिति और प्रशासनिक बारीकियों की गहरी समझ होने के कारण वे हर छोटी-से-छोटी व्यवस्था पर स्वयं पैनी नजर रख रहे हैं।

​मरीजों का विश्वास ही प्राथमिकता

निरीक्षण के दौरान डॉ. चौहान ने कहा, “जब कोई मरीज अस्पताल की चौखट पर कदम रखे, तो उसके मन में यह अटूट विश्वास होना चाहिए कि अब वह सही हाथों में है और जल्द ही स्वस्थ होकर लौटेगा। हमारी प्राथमिकता केवल इलाज करना नहीं, बल्कि मरीज को सुरक्षा और त्वरित देखभाल का अहसास कराना है।”

​त्रिस्तरीय राउंड प्रणाली और त्रुटिहीन व्यवस्था

अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को चौबीसों घंटे गुणवत्तापूर्ण बनाए रखने के लिए एक विशेष राउंड शेड्यूल लागू किया गया है।
​सुबह का विस्तृत राउंड: निदेशक एवं प्रमुख अधीक्षक द्वारा स्वयं 2-3 घंटे का गहन निरीक्षण।

​शाम एवं रात्रि का औचक निरीक्षण: चिकित्सा अधीक्षक (MS) और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) की अलग-अलग टीमों द्वारा नियमित और आकस्मिक (Emergency) राउंड।

​कमियों का तत्काल निस्तारण: निरीक्षण के दौरान जो भी छोटी-मोटी कमियां पाई जाती हैं, उन्हें अगले ही दिन पूरी तरह दूर करने के सख्त निर्देश दिए जाते हैं, ताकि व्यवस्थाएं निरंतर सुचारु रहें। निदेशक का कहना है कि​अस्पताल प्रशासन का लक्ष्य निष्ठा और कड़े परिश्रम से प्रत्येक मरीज को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।