Sunday , April 28 2024

इस बार की दीवाली, कैंसर पीड़ितों के बीच खुशियों वाली

-कल्याण सिंह कैंसर इंस्टिट्यूट में अधिकारियों ने मरीजों के बीच पहुंचकर बांटे दीवाली के गिफ्ट, की सेहतमंद होने की कामना

सेहत टाइम्स
लखनऊ।
चक गंजरिया स्थित कल्याण सिंह कैंसर संस्थान का नजारा रविवार को बदला नजर आया। संस्थान के निदेशक, चिकित्सा अधीक्षक और वित्त अधिकारी ने कैंसर मरीजों के साथ दीपावली मनाई। पूजा अर्चना की। मरीजों के जल्द स्वस्थ्य होने की कामना की। मरीजों को गिफ्ट दिए। खाने-पीने की वस्तुएं भेंट कीं।

संस्थान को दीपक से रोशन किया


शाम करीब छह बजे निदेशक डॉ. आरके धीमन, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवाशीष शुक्ला और वित्त अधिकारी प्रकाश सिंह संस्थान पहुंचे। दीपावली में डॉक्टर व अन्य अधिकारियों को संस्थान में देखकर मरीज खुश हो गए। वहीं मरीजों की सेवा में जुटे डॉक्टर व पैरामेडिकल स्टाफ ने भी खुशी जाहिर की। सबसे पहले अधिकारियों ने संस्थान में दीये व मोमबत्तियां जलायीं । वार्डों के बाहर गैलरी को दीपक व मोमबत्ती से रोशन किया।

बच्चे गिफ्ट पाकर झूमे


अधिकारियों ने देवी-देवताओं की पूजा की। खील-बताशे प्रभु को अपर्ति किए। उसके बाद मरीज और तीमारदारों को खाने-पीने की वस्तुएं भेंट कीं। छोटे-छोटे कैंसर पीड़ित बच्चे और मरीजों के नन्हें-मुन्हे बेटी-बेटियां गिफ्ट पाकर झूम उठे। डॉक्टर, पैरामेडिकल स्टाफ और कर्मचारियों को प्रसाद वितरित किया गया। सुरक्षा गार्ड से लेकर अन्य श्रेणी के कर्मचारियों को प्रसाद आदि भेंट किए। अफसरों ने काफी देर मरीजों के बीच गुजारे। मरीजों के जल्द स्वास्थ्य होने की कामना की। अफसरों ने मरीजों से बात कर मरीजों की पीड़ा कम करने प्रयास किया।

मरीजों बीच मनाई दीपावली


निदेशक डॉ. आरके धीमन ने कहा कि मरीजों के बीच दीपावली मनाने का बहुत ही अच्छा अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि संस्थान में कैंसर पीड़ितों को 24 घंटे बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है। इलाज की वजह से बहुत से मरीजों की दीपावली अस्पताल में गुजर रही है। ऐसे में हम लोगों ने मरीजों से पूरा इलाज कराने के लिए प्रेरित किया। मरीजों का मनोबल भी बढ़ाया। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने सभी मरीज व तीमारदारों को गिफ्ट देकर दीपावली की बधाईयां दी। उन्होंने कहा कि कैंसर पीड़ितों के मनोबल को मजबूत करने की दिशा में हम लोग लगातार प्रयास कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Time limit is exhausted. Please reload the CAPTCHA.