Wednesday , April 1 2026

हूटर बजाकर चेतावनी देते हुए रात्रि 10 बजे तक हर हाल में बंद करायी जायेंगी दुकानें

-योगी आदित्‍यनाथ ने दिये रात्रिकालीन कर्फ्यू का कड़ाई से पालन कराने के निर्देश  

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने दूसरे राज्‍यों में बढ़ते कोरोना के मामलों को देखते हुए अत्‍यधिक सतर्कता बरतने की आवश्‍यकता बताते हुए निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा है। उन्‍होंने रात्रिकालीन कर्फ्यू को प्रभावी बनाने के लिए निर्देश देते हुए कहा है कि प्रत्‍येक दशा में रात्रि 10 बजे से कर्फ्यू लागू हो जाये। अनावश्‍यक रूप से लोग सड़कों पर न घूमें तथा दुकानों को हर हालत में 10 बजे तक बंद कराना सुनिश्चित करें, उन्‍होंने इसके लिए समय से पहले से हूटर बजाकर चेतावनी देने के निर्देश दिये हैं।

मुख्‍यमंत्री ने ये निर्देश आज कोविड प्रबंधन के लिए गठित टीम-9 की बैठक में दिये। उन्‍होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों में कोविड के मामले एक बार फिर तेजी से बढ़ रहे हैं, ऐसे में हमें सावधान रहना होगा, अतिरिक्त सतर्कता बरतनी होगी। उन्‍होंने कहा कि कोविड प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन किया जाना बहुत जरूरी है।

ज्ञात हो एग्रेसिव ट्रेसिंग, टेस्टिंग और त्वरित ट्रीटमेंट की नीति के साथ-साथ तेज टीकाकरण की नीति से उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण नियंत्रित स्थिति में है। प्रदेश में अब तक 07 करोड़ 12 लाख 89 हजार 637 टेस्ट हो चुके हैं। यह देश में किसी एक राज्य द्वारा की गई सर्वाधिक कोविड टेस्टिंग है। 25 अगस्त तक 06 करोड़ 60 लाख 82 हजार से अधिक वैक्सीन डोज लगाई जा चुकी है। 05 करोड़ 55 लाख 94 हजार से अधिक लोगों ने टीके की कम से कम एक डोज जरूर ले ली है।