Sunday , May 3 2026

वर्चुअल रियलिटी आधारित सिमुलेटर पर सिखायी दूरबीन विधि से घुटने की सर्जरी

-एसजीपीजीआई के ऑर्थोपैडिक विभाग में आयोजित हुई एक दिवसीय हैंड्सऑन वर्कशॉप

-उत्तर भारत में उन्नत अस्थिरोग कौशल प्रशिक्षण और सिमुलेशन-आधारित शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत

सेहत टाइम्स

लखनऊ। संजय गांधी पीजीआई लखनऊ के ऑर्थोपैडिक विभाग द्वारा वर्चुअल रियलिटी आधारित सिमुलेटर पर दूरबीन विधि से घुटने की सर्जरी का प्रशिक्षण देने के लिए एक दिवसीय हैंड्सऑन वर्कशॉप का आयोजन किया गया। शनिवार 2 मई को एसजीपीजीआई हैंड्स ऑन नी ​​आर्थ्रोस्कोपी (लेवल 1) सिमुलेशन कोर्स “SGPGI Hands-On Knee Arthroscopy (Level-1) Simulation Course” उत्तर भारत का अपनी तरह का पहला प्र​शिक्षण कार्यक्रम है।

आपको बता दें कि प्रशिक्षण की इस प्रक्रिया में कम्प्यूटर के माध्यम से कुछ इस प्रकार प्रशिक्षण दिया जाता है जिसमें सीखने वाले को ऐसा महसूस होता है जैसे कि वह सजीव सर्जरी कर रहा है। एक हाथ में स्कोप और दूसरे हाथ में इंस्ट्रूमेंट को एक ही बिंदु पर लाकर स्क्रीन पर देखकर शरीर के अंगों को नियंत्रित करते हुए 2D स्क्रीन पर 3D स्ट्रक्चर को समझने में मदद करता है।

इस बारे में एडीशनल प्रोफेसर एवं विभागाध्यक्ष, ऑर्थोपेडिक्स विभाग प्रो पुलक शर्मा ने बताया कि इस कोर्स में युवा ऑर्थोपैडिक सर्जन्स और प्रशिक्षणार्थियों को घुटने की दूरबीन ​विधि से की जाने वाली सर्जरी के मूलभूत गुणों को सिखाया गया। प्रतिभागियों को रियल ​​आर्थ्रोस्कोपी उपकरणों और हैप्टिक फीडबैक टेक्नोलॉजी haptic feedback technology के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि इस कोर्स में कैमरा संचालन, त्रिकोणीकरण (triangulation), पोर्टल स्थापना, नैदानिक ​​आर्थ्रोस्कोपी और सुरक्षित तरीके से उपकरणों को संचालित करने जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया का विशेष प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम का आयोजन एसजीपीजीआई के एपैक्स ट्रॉमा सेंटर की एडवांस्ड स्किल लैब में किया गया। इसमें देश के विभिन्न भागों से आए प्रतिनिधियों और संकाय विशेषज्ञों ने भाग लिया। डॉ पुलक शर्मा ने बताया कि सिमुलेशन बेस्ड सर्जिकल ट्रेनिंग भविष्य की चिकित्सा शिक्षा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगा, क्योंकि इस प्रशिक्षण से सर्जन्स को मरीज की सुरक्षा रखते हुए आथ्रोस्कोपी करने का आत्म विश्वास प्राप्त होता है।

उन्होंने बताया कि इस पहल के माध्यम से एसजीपीजीआई ने उत्तर भारत में उन्नत अस्थिरोग कौशल प्रशिक्षण और सिमुलेशन-आधारित शिक्षा के क्षेत्र में एक नई शुरुआत की है।