Thursday , April 2 2026

6 नवम्‍बर को सामूहि‍क कलम-दवात पूजन कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर

-श्रीचित्रगुप्‍त धाम में यम द्वितीया पर चित्रगुप्‍त कथा, गोमती आरती, शस्‍त्र पूजन का भी होगा आयोजन

-कायस्‍थ फाउंडेशन ट्रस्‍ट के तत्‍वावधान में हो रहे कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की संयोजक दिलीप श्रीवास्‍तव ने

सेहत टाइम्‍स ब्‍यूरो

लखनऊ। कायस्‍थ फाउंडेशन ट्रस्‍ट के तत्‍वावधान में यम द्वितीया के दिन 6 नवंबर को सामूहिक कलम दवात पूजन कार्यक्रम की तैयारियां जोरों पर है। ज्ञात हो श्रीचित्रगुप्त धाम, झूलेलाल वाटिका में कायस्थ फाउंडेशन इस तरह के आयोजन करता रहता है। ट्रस्ट कायस्थों को एकजुट करने के अभियान में तेजी से लगा हुआ है।

सामूहिक कलम दवात पूजन कार्यक्रम के संयोजक दिलीप श्रीवास्तव ने बताया कि प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी यम द्वितीया के दिन 6 नवम्बर को सायं 4 बजे भगवान श्रीचित्रगुप्त धाम झूलेलाल वाटिका गोमती नदी तट लखनऊ में सामूहिक कलम दवात कार्यक्रम धूम धाम से मनाया जाएगा। कलम दवात के साथ-साथ सभी के कल्याण के लिए शस्त्र पूजन भी होगा।

कायस्थ फाउंडेशन ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद श्रीवास्तव ने बताया कि यम द्वितीया का कायस्थों के लिए अति महत्वपूर्ण है। इस दिन भगवान श्री चित्रगुप्त जी के समक्ष उनके वंशज कलम दवात का पूजन करते है। भगवान श्री चित्रगुप्त धाम में फूलों, गुब्बारों से सजावट होगी। भगवान श्री चित्रगुप्त कथा भी होगी। प्रसाद के रूप में कलम का वितरण भी होगा। इस दिन भगवान श्री चित्रगुप्त धाम में शस्त्र पूजन का भी प्रचलन है।

महामंत्री मनोज डिंगर ने बताया कि भगवान श्री चित्रगुप्त घाट पर लखनऊ की जीवनदायिनी मॉ गोमती की भव्य आरती भी होगी। कार्यक्रम में सभी राजनैतिक दल के कायस्थ नेता सम्मिलित होंगे। इस दिन आगामी विधानसभा चुनाव में कायस्थों की भूमिका व उपेक्षा पर चर्चा होगी। कार्यक्रम संयोजक दिलीप श्रीवास्‍तव ने अपील की है कि लोग ज्‍यादा से ज्‍यादा संख्‍या में पूजा में भाग लेकर भगवान चित्रगुप्‍त का आशीर्वाद लें।