Monday , February 23 2026

बलिया के कैंसर संस्‍थान के साथ लखनऊ के सुपरस्‍पेशियलिटी कैंसर संस्‍थान का समझौता

-ग्रामीण आबादी तक उपचार सेवाएं देने के लिए लगाये जायेंगे शिविर, लखनऊ में होगा इलाज

सेहत टाइम्‍स

लखनऊ। ग्रामीण आबादी की सेवा के लिए एक कदम आगे बढ़ते हुए कल्याण सिंह सुपर स्पेशलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट, (केएसएससीआई) लखनऊ ने जननायक चंद्रशेखर हॉस्पिटल एंड कैंसर इंस्टीट्यूट, (जेसीएचसीआई) इब्राहिमपट्टी, बलिया के साथ एक समझौता ज्ञापन हस्‍ताक्षरित किया गया है।

दूरस्थ क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देने के लिए कल्याण सिंह सुपर स्पेशिएलटी कैंसर संस्थान, लखनऊ ने  जेसीएचसीआई, इब्राहिमपट्टी, बलिया  की ओर हाथ बढ़ाते हुए एक एमओयू किया है। 16 अप्रैल को कल्याण सिंह सुपर स्पेशिएलटी कैंसर संस्थान के निदेशक प्रोफेसर आर के धीमन और जननायक चंद्रशेखर हॉस्पिटल एंड कैंसर इंस्टीट्यूट के निदेशक डॉ संजय सिंह के बीच समझौता ज्ञापन का आदान-प्रदान किया गया। एमओयू के अनुसार दोनों संस्थान आपसी समन्वय से चलेंगे। 

एमओयू के अनुसार केएसएससीआई, लखनऊ ओपीडी, ओटी, कीमोथेरेपी और चिकित्सकों और नर्सों के लिए प्रशिक्षण शिविर स्थापित करने में मदद करेगा, एक बार रोग के निदान हो जाने पर गंभीर  मामलों को उपचार के लिए केएसएससीआई, लखनऊ में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इसके अलावा दूर-दराज के इलाकों में कैंसर की जांच व रोकथाम शिविर लगाए जाएंगे। इसमें समस्त स्थानीय व्यवस्था एवं व्यय की जिम्मेदारी निदेशक जेसीएचसीआई की होगी। केएसएससीआई, लखनऊ केवल तकनीकी सहयोग प्रदान करेगा।

इस अवसर पर  परिवहन मंत्री दयाशंकर मिश्रा, मुख्य सचिव उ.प्र. सरकार दुर्गाशंकर मिश्रा, निदेशक, राम मनोहर लोहिया संस्थान, लखनऊ प्रो सोनिया नित्‍यानंद सहित कई अन्‍य लोग उपस्थित रहे।