Saturday , May 16 2026

लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान को मिले नये मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और चिकित्सा अधीक्षक

-डॉ विक्रम सिंह होंगे नये सीएमएस व डॉ अरविन्द सिंह बनाये गये एमएस

निदेशक डॉ सीएम सिंह के साथ डॉ विक्रम सिंह और डॉ अरविन्द सिंह

सेहत टाइम्स

लखनऊ। डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (RMLIMS), लखनऊ में आज दो महत्वपूर्ण प्रशासनिक नियुक्तियाँ की गईं, जो संस्थान की उत्कृष्ट चिकित्सीय सेवाओं और सशक्त प्रबंधन प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

मीडिया सेल द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रो. (डॉ.) विक्रम सिंह, विभागाध्यक्ष मेडिसिन, को संस्थान का नया मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (Chief Medical Superintendent) नियुक्त किया गया है। साथ ही, प्रो. (डॉ.) अरविंद सिंह, प्रोफेसर, सामुदायिक चिकित्सा विभाग को चिकित्सा अधीक्षक (Medical Superintendent) के पद पर नियुक्त किया गया है।

विज्ञप्ति में बताया गया है कि दोनों वरिष्ठ चिकित्सकों ने पूर्व में संस्थान में विभिन्न पदों एवं उत्तरदायित्वों का निर्वहन बेहद निष्ठा, परिश्रम और प्रतिबद्धता के साथ किया है। उनके नेतृत्व में संस्थान को अनेक क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ प्राप्त हुई हैं।

यह नियुक्तियाँ उनके कर्मठ योगदान और संस्थान के प्रति समर्पण का प्रतीक हैं। हमें विश्वास है कि वे अपने नवीन उत्तरदायित्वों में भी संस्थान की प्रगति और रोगी देखभाल की गुणवत्ता को नई ऊँचाइयों तक ले जाएँगे। ज्ञात हो डॉ0 अजय कुमार सिंह, पूर्व मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के रूप में कार्यकाल 15 जून, 2025 को सफलता पूर्वक पूरा हो गया।

प्रो (डॉ0) सी०एम० सिंह, निदेशक, डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान, लखनऊ ने प्रो. डॉ. विक्रम सिंह एवं प्रो. डॉ. अरविंद सिंह को हार्दिक शुभकामनाएँ और बधाई दी है।