Friday , March 20 2026

अस्‍पतालों में माइनर ओटी को हर समय क्रियाशील रखें : ब्रजेश पाठक

-मुख्‍य चिकित्‍सा अधीक्षकों के पांच दिवसीय ट्रेनिंग प्रोग्राम का उद्घाटन किया उपमुख्‍यमंत्री ने

सेहत टाइम्‍स

लखनऊ।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अस्‍पतालों में साफ-सफाई के लिए हर समय मुस्‍तैद रहने के साथ ही माइनर ओटी को हर समय क्रियाशील रखने की नसीहत दी है। उन्होंने कहा है कि कोई भी रोगी अस्पतालों से निराश होकर न जाये।

ब्रजेश पाठक ने यह नसीहत आज यहां इंदिरा नगर स्थित चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के राज्य स्तरीय प्रशिक्षण केन्द्र राज्य स्वास्थ्य परिवार कल्याण संस्थान, उ०प्र० में मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों का क्षमता संवर्धन के लिए 5 दिवसीय अभिमुखीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए दी। इस मौके पर उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों के लिए संस्थान के संकाय अधिकारियों द्वारा निर्मित हैंडबुक का अनावरण भी किया।


उपमुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर रहे मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों को जिला अस्पतालों का सिस्टम मजबूत करने तथा जनसामान्य तक बेहतर चिकित्सा सेवायें उपलब्ध कराने का सन्देश दिया। उन्होंने बजट प्रबन्धन की सही जानकारी के साथ चिकित्सालयों में विद्युत व्यवस्था बाधित होने पर उत्पन्न होने वाली कठिनाई को दूर करने के लिए पर्याप्त ईंधन की व्यवस्था सुनिश्चित किये जाने निर्देश दिए।

इस दौरान प्रमुख सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य पार्थ सारथी सेन शर्मा, एनएचएम मिशन निदेशक अपर्णा उपाध्याय, महानिदेशक डॉ लिली सिंह, महानिदेशक परिवार कल्याण डॉ रेनु श्रीवास्तव वर्मा तथा निदेशक (प्रशासन) एवं निदेशक संस्थान डॉ राजागणपति आर तथा अन्य उपस्थित थे।